सुनी गयी 22 फरियादियों की शिकायत व समस्याएं
गोड्डा : जनता दरबार का आयोजन मंगलवार को समाहरणालय परिसर अपर समाहर्ता के कार्यालय कक्ष किया गया. इसमें एनडीसी मनोज कुमार ने 22 फरियादियों की शिकायतें सुनी. बताया कि ज्यादातर मामले पेंशन से जुड़े थे. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, भू-अर्जन से संबंधित मामले भी थे. फरियादियों ने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन आदि भुगतान को लेकर आवेदन दिया. पेंशन भुगतान हो सके इसके लिए संबंधित विभाग को आवेदन भेजा गया है. इस पर विभाग के पदाधिकारियों को अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार व गुरुवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है. ताकि लोगों की समस्याओं को पदाधिकारी सहज तरीके से सुन कर मामले का निबटारा कर सकें. मौके पर एसी अनिल तिर्की, एसडीओ नमन प्रियेश लकड़ा आदि उपस्थित थे.
