रूसा द्वारा पांच करोड़ तक का फंड गोड्डा कॉलेज को मिल सकता है
कहा, सुगाबथान के मॉडल कॉलेज के लिए भवन तैयार है, लेकिन संसाधनों की कमी से पढ़ाई नहीं हो पा रही शुरू
गोड्डा : एसकेएमयू के कुलपति प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा ने शुक्रवार को गोड्डा कॉलेज का निरीक्षण किया. कुलपति श्री सिन्हा ने मार्च तक कॉलेज का डीपीआर व अन्य प्लान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि रूसा द्वारा पांच करोड़ तक का फंड गोड्डा कॉलेज को मिलने की आशा है. बिल्डिंग के अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर के खर्च को भी जोड़ा जाये तभी कॉलेज में पढ़ाई संभव है. राज्य सरकार भी ऐसा ही चाहती है. कुलपति प्रो सिन्हा ने कहा कि भारत में प्राइवेट विश्वविद्यालय आ रहे हैं. हमें उनसे टक्कर लेना है.
इसके लिए भवन, उपस्कर, पढ़ाई व प्लेसमेंट सुधारना है. हमारे पास टैलेंट हैं, सिर्फ संवारने की आवश्यकता है. कहा कि सुगाबथान के मॉडल कॉलेज के लिए भवन तैयार है, लेकिन संसाधनों की कमी से पढ़ाई शुरू नहीं हो पा रही है. इसकी सूचना राज्यपाल और सरकार को दी गयी है. सरकार से बात के क्रम में सुझाव दिये हैं कि सभी कुलपति के साथ बैठक कर राज्य में उच्च शिक्षा में सुधार की ओर पहल की जाये. दौरान गोड्डा कॉलेज प्राचार्य अशोक कुमार ठाकुर, डॉ अमरनाथ झा, डॉ विवेकानंद, डॉ मसूद, डॉ शहाबुद्दीन, डॉ मनीष, डॉ रंजन बहादुर सहित सिंडिकेट के सदस्य उपस्थित थे.
