पांच साल के अपराध की समीक्षा के बाद एसपी ने आरोपितों को चिह्नित करने का दिया निर्देश
गोड्डा : मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी राजीव रंजन सिंह ने साफ तौर पर कह दिया है कि इलाके में अवैध धंधा या तस्करी हुई तो वहां के थानेदार व इंस्पेक्टर इसके जिम्मेवार माने जायेंगे. उनपर विभागीय कार्रवाई की जायेगी. कहा अपराध पर रोकथाम के लिए पब्लिक का सहयोग लें. एसपी अपने योगदान के बाद पहली बार मंगलवार को अपराधी समीक्षा गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि गोड्डा में योगदान के बाद उन्होंने चार वर्षों के आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा की है. बेहद खराब रिजल्ट है. थानेदार अपने अपने इलाके में आपराधिक घटनाओं को कम करने के लिए सतर्क हो जायें. वरना उनके लिए ठीक नहीं होगा, मजबूरन विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
तस्करी पर करें सख्ती
एसपी ने यह भी कहा कि इलाके में कहीं भी कोयला व पशु तस्करी के मामले सामने नहीं आने चाहिए. यदि कहीं से भी कोयला व पशु तस्करी की शिकायत आयी तो वहां के थानेदार व इंस्पेक्टर इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेवार होंगे.
लंबित मामलों को निबटाने का दिया अल्टीमेटम
पांच वर्ष के अपराधियों को करें चिह्नित
एसपी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जितने भी अापराधिक घटनाएं हुए हैं उनके अभियुक्तों को चिह्नित किया जाय. जो आरोपित जेल से छूट कर आये हैं उनका भी सत्यापन किया जाय. ताकि समय रहते उन पर कार्रवाई की जा सके.
थाना आये लोगों से सलीके से पेश आयें पुलिस कर्मी
पुलिस कप्तान श्री सिंह ने यह भी कहा कि थाना आने वाले आगंतुकों व फरियादियों के साथ सलीके के साथ पेश आयें. उनके साथ व्यवहार अच्छा करें. इससे पुलिस की छवि अच्छी रहेगी. पब्लिक साथ देगी तभी अपराध पर अंकुश लगाना संभव हो पायेगा.
