महगामा : महगामा रेफरल अस्पताल में 11 की जगह महज दो चिकित्सक ही काम कर रहे हैं. कल्पना की जा सकती है कि हर दिन दर्जनों की संख्या में आ रहे मरीजों का इलाज ये चिकित्सक कैसे करते होंगे. बता दें कि महगामा की आबादी लाखों में है ऐसे में एक अस्पताल में दो चिकित्सकों की नियुक्ति व्यवस्था की बड़ी कमजोरी है. आये दिन इस इलाके में हर दिन दुर्घटनाएं हो रहीं हैं. वहीं प्रसव के लिए महगामा, मेहरमा, ठाकुरगंगटी, पथरगामा, बसंतराय, हनवारा आदि जगहों से काफी संख्या में महिलाएं पहुंचतीं हैं. दुर्भाग्य की बात है एक भी महिला डॉक्टर कार्यरत नहीं हैं. जिससे महिलाओं को इलाज व प्रसव कराने में काफी परेशानी होती है. इतना ही नहीं अस्पताल में प्रखंड प्रसार प्रशिक्षक का पद व स्वच्छता निरीक्षक पद रिक्त है.
महिला स्वास्थ्य परिदर्शक व मिश्रक का तीनों पद रिक्त है. शल्य कक्ष सहायक व आदेश पाल, रसोइया, चौकीदार, माली आदि पद रिक्त है. मिला जुलाकर कहें तो यहां कर्मियों की बेहद कमी है.
