कार्रवाई . दाड़ै गांव के निजी दुकान में मिला सरकारी खाद
ट्रक चालक व दुकानदार के पास नहीं मिला चालान
डीसी के निरीक्षण में सामने आया मामला, प्राथमिकी दर्ज
गोड्डा/पोड़ैयाहाट : डीसी ने दाड़ै स्थित एक निजी खाद की दुकान के पास 26 बोरी खाद को जब्त कर लिया है. डीसी के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी सुरेश तिर्की ने कार्रवाई शुरू कर दी है. ट्रक चालक के पास चालान नहीं था. न ही दुकानदार के पास चालान था. इसको लेकर ही जांच करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया है. पोड़ैयाहाट थाने में ट्रक संख्या (जेएच 04 डी 3511) को जब्त कर लिया गया है. पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के दांड़ै गांव में निरीक्षण के क्रम में डीसी भुवनेश प्रताप सिंह ने गड़बड़ी पकड़ी है. दांडै मुख्य मार्ग में डीसी ने पंकज कुमार साह के खाद के दुकान की जांच की. दुकान में सरकारी खाद इफ्को का पैकेट मिला.
वहीं उतर रहे खाद के बारे में भी डीसी ने दुकानदार से पूछताछ की. पदाधिकारियों के वाहन को देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. जिस समय उपायुक्त पहुंचे ट्रक से खाद की बोरियां उतर ही रही थी. इसको लेकर ही उपायुक्त ने जांच पड़ताल की. संतोषजनक उत्तर नही मिल पाने पर डीसी श्री सिंह ने एसडीओ सौरव कुमार सिंहा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. इस पर जिला कृषि पदाधिकारी सुरेश तिर्की को जांच कर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया. डीसी श्री सिंह ने भी वाहन को जब्त करने का निर्देश दिया था. डीसी के आदेश के बाद वाहन को पोड़ैयाहाट थाने में जब्त कर लिया गया है.
”ट्रक जब्त किया गया है. इस मामले में दुकानदार व ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. सरकारी खाद निजी दुकान में बेचने का मामला सामने आया है. शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
-सुधीर सिंह, थाना प्रभारी, पोड़ैयाहाट
