गोड्डा जिला के पथरगामा थाना क्षेत्र के सनातन गांव में बुधवार की शाम आसमानी बिजली ने कहर बरपाया. खेत में गेहूं की फसल काट रही 14 वर्षीय किशोरी प्रमिला कुमारी बिजली की चपेट में आ गयी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक किशोरी अशोक राय की पुत्री थीं. जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम करीब 5:30 बजे प्रमिला अपने परिवार के साथ खेत में फसल काट रही थी. इसी दौरान मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे प्रमिला के ऊपर गिर गयी. बिजली की चपेट में आने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़ी. परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. इस आकस्मिक घटना के बाद परिजन सदमे में हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया. गुरूवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.
आसमानी बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत
पथरगामा थाना क्षेत्र के सनातन गांव में खेत में काम करते समय हुआ हादसा
