होमियोपैथिक कॉलेज के छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त
विभिन्न मांगों को लेकर लगातार चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे होमियोपैथिक कॉलेज के छात्रों का आंदोलन पांचवें दिन समाप्त हो गया. प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलनरत छात्र मान गये. प्रशासन ने हर संभव सहयोग और मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है.
गोड्डा/ पथरगामा : राजकीय होमियोपैथिक कॉलेज एवं अस्पताल के छात्र-छात्राओं की भूख हड़ताल एसडीओ सौरभ कुमार सिन्हा के लिखित आश्वासन के बाद पांचवें दिन समाप्त हो गयी. कॉलेज के छात्र पांच दिनाें से बेमियादी भूख हड़ताल पर थे. परसपानी पहुंचे एसडीओ श्री सिन्हा के साथ एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने छात्रों के साथ वार्ता की तथा पांच मांगों पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई करने के आवेदन पर हस्ताक्षर किया. अधिकारी द्वय ने जूस पिला कर छात्र-छात्राओं का अनशन तुड़वाया. इस दौरान छात्र संघ के अध्यक्ष सिकंदर कुमार, उपाध्यक्ष गौतम कुमार, दीपक महतो, मुकेश कुमार आदि थे.
पांच एमबीबीएस चिकित्सकों को शिक्षण कार्य के लिये प्रतिनियुक्त किया जायेगा : गोड्डा एसडीओ सौरभ कुमार सिन्हा परसपानी पहुंचे. उन्होंने छात्रों से वार्ता की और उनकी समस्याआें के समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिये निर्देश पर दो माह के अंदर शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक नियुक्ति की प्रक्रिया होने तक तत्काल रूप से पांच एमबीबीएस चिकित्सकों को शिक्षण कार्य के लिये प्रतिनियुक्त किया जायेगा.
सितंबर माह के अंतिम तक छात्रावास की सुविधा मिलने का भी आश्वासन दिया. इस बीच गोड्डा से कॉलेज तक आवागमन के लिए सरकारी बस सुविधा की व्यवस्था हेतु वाहन उपलब्ध कराने की पहल होगी. सदर अस्पताल में डिसेक्शन की व्यवस्था उपलब्ध करायी जायेगी, महाविद्यालय में निर्बाध बिजली व्यवस्था की पहल होगी, महाविद्यालय व अस्पताल के चहारदीवारी का कार्य यथाशीघ्र पूरा कराने का काम की भी पहल होगी. मांगों को लेकर एसडीओ ने निश्चित समयावधि में प्रशासनिक पहल के साथ संबंधित पत्र की प्रति 24 घंटे के अंदर भेजने की बात एसडीओ द्वारा लिखित तौर पर दिया गया.
झामुमो की पहल रही, पहुंचे कॉलेज परिसर छात्रों की मांग को अंत समय तक झामुमो की ओर से समर्थन दिया गया. पार्टी के नेताओं ने काॅलेज पहुंच कर छात्रों की मांगों को पूरा करने के आश्वासन को लेकर पदाधिकारियों को साधुवाद दिया. इस दौरान जिला सचिव बासुदेव सोरेन, अमित कुमार भगत, बच्चन दर्वे, राजू हांसदा, मदन भगत, राजेश भगत, रोशन भगत आदि शामिल थे. मालूम हो कि शनिवार को जिला अध्यक्ष राजेश मंडल द्वारा छात्रों की मांग को लेकर हेमंत सोरेन से भी बात की थी.
एसडीपीओ ने भवन निर्माण का काम करा रहे मुंशी पर जतायी नाराजगी
परसपानी काॅलेज परिसर में भवन निर्माण का काम करा रहे आशियाना कंस्ट्रक्शन के मुंशी पर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने नाराजगी जतायी. बताया कि इतने दिनों में वो काम को अंतिम रूप नहीं दिया है. जल्द काम कराने का निर्देश के साथ धड़ल्ले से बालू उठाव के मामले पर भी आवश्यक निर्देश दिया. मामले की जानकारी छात्रों द्वारा दी गयी है.
सुबह के वक्त छात्रों की बिगड़ी थी तबीयत
काॅलेज में भूख हड़ताल पर बैठे छह-छात्रओं की स्थिति को देखते हुए रविवार सुबह के वक्त सदर अस्पताल में भरती कराया गया था. मुख्य रूप से प्रमीला हेंब्रम के बेहोश हो जाने के बाद सदर अस्पताल में स्लाइन तथा कुछ देर के लिये आॅक्सीजन दिया गया. बताया कि पहले से कमजोर रहने की वजह से शरीर में ग्लूकोज की कमी हो गयी थी. वहीं दीप शिखा, सोनू कुमार, नीतू कुमारी, शिवम राज, सद्दाम को भी अस्पताल में स्लाइन आदि चढ़ाया गया. हालांकि कुछ देर बाद सभी की तबीयत में सुधार आ गया. सभी छात्रों का इलाज डॉ प्रदीप कुमार सिन्हा ने किया. परसपानी से लौटने के बाद एसडीओ सौरभ कुमार सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचकर छात्रा-छात्राओं की तबीयत जाना तथा जूस पिलाया.
छात्रों की समस्याओं का हो समाधान : प्रशांत
पोड़ैयाहाट के पूर्व विधायक प्रशांत कुमार ने परसपानी होमियोपैथिक काॅलेज के छात्रों के भूख हड़ताल वापस करने पर अपनी ओर से बयान जारी किया है. कहा कि प्रशासन ने पहल कर छात्रों के हित में काम किया है. छात्रों से जो भी वादा किया गया है उस पर आवश्यक रूप से पहल करने की जरूरत है. गोड्डा में जेवीएम की ओर से विधायक प्रदीप यादव की रिहाई के लिये आंदोलन किया जा रहा है. आंदोलन करने वाले कार्यकर्ता लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि श्री यादव को सरकार व प्रशासन ने जबरन केस में धकेला है. सच तो यह है कि श्री यादव ने स्वयं ही इस स्थिति में आने के लिये अपना गला फंसाने का काम किया है. हमेशा नकारात्मक सोच से व्यवस्था नहीं चलती है.
