बसंतराय : बिहार से रास्ता भटक कर बसंतराय की ओर आयी नील गाय को बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने खदेड़ कर पत्थर चला कर मार डाला. प्रखंड के शाहपुर बेलडीहा के संताली टोला के बसभीट्ठा में बुधवार की सुबह नील गाय घुस गयी. ग्रामीणों की सूचना पर बसंतराय व महगामा थाना की पुलिस तथा वन विभाग के पदाधिकारी स्थल पहुंचे.
पदाधिकारियों ने बताया कि शाहपुर बेलडीहा के संताली टोला के लोगों ने जब सुबह के वक्त नील गाय को देखा तो उस पर हमला कर मार डाला. बाद में ग्रामीणों ने नील गाय को वहां से गायब कर दिया. घटना की जानकारी पर बसंतराय थाना प्रभारी बालकेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की. श्री सिंह ने बताया कि घटनास्थल महगामा थाना के अंतर्गत आता है. मामले की सूचना वन विभाग को दी गयी. विभाग के लोगों ने भी इस बात की जानकारी के बाद पुलिस को ही आवश्यक पहल करने को कहा.
