महाविष्णु यज्ञ और रामकथा के अवसर पर निकली भव्य कलश शोभायात्रा

1001 कन्याओं और महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर लिया भाग

महागामा के महुआरा मैदान में आयोजित श्री श्री 1008 महाविष्णु यज्ञ एवं रामकथा के अवसर पर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी, जिसने पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना दिया. इस शोभायात्रा में 1001 कन्याओं और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया. जय श्री राम और जय श्री राधे के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर महागामा बाजार, दुर्गा मंदिर प्रांगण, बसुवा चौक, कैचुआ चौक होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची. पूरे मार्ग में गाजे-बाजे, शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चारण की पवित्र ध्वनि से वातावरण आलोकित रहा. श्रद्धालु नाचते-गाते शोभायात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे. इस दौरान स्थानीय समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह नींबू पानी और शरबत पिलाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया. यज्ञाचार्य पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलशों का पूजन कर उन्हें यज्ञ स्थल पर स्थापित किया गया. यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान नौ दिनों तक चलेगा. प्रतिदिन हवन आहुति, प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. वृंदावन धाम की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री अनीता देवी उर्फ रक्षा जी रामकथा का वाचन करेंगी और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन आदर्श, धर्म और नीति की महत्ता पर प्रवचन देंगी. कलश शोभा यात्रा में पूर्व विधायक अमित मंडल, राजीव रंजन भगत, प्रीति देवी, संजीव मिश्रा, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यज्ञ और कथा के माध्यम से समाज में धार्मिकता, सद्भावना और नैतिक मूल्यों के प्रसार का संदेश दिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >