झारखंड के गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के चरका घाट एवं सनातन गांव के बीच स्थित बहियार में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय किशोर की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर पुलिस के विलंब से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत के समीप लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे के पास एक ट्रैक्टर खड़ा था. उस समय चरका घाट गांव के दो किशोर ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे.
क्या है मामला
बताया जाता है कि ट्रैक्टर चालक चाबी वाहन में ही छोड़कर खेत की ओर चला गया. इसी दौरान एक किशोर ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर स्टार्ट होने की आवाज सुनकर चालक दौड़कर मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा. हादसे के दौरान एक किशोर समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरा किशोर ट्रैक्टर के पिछले चक्के के नीचे दब गया. उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान चरका घाट निवासी राजेश यादव के 10 वर्षीय पुत्र आर्यन यादव के रूप में हुई है.
गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान करते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गयी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के लगभग तीन घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी रही. कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि किसी अन्य प्रकार की कार्रवाई का मामला होता तो पुलिस अधिक शीघ्र पहुंचती. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी थी.
