Giridih News :सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, विरोध में रोड जाम

Giridih News :नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में बीते शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने से सोमवार को लोग आक्रोशित हो गये. लोगों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य रोड को जाम कर दिया.

मालूम रहे कि दुर्घटना में घायल कोलडीहा निवासी नियाज अंसारी का इलाज धनबाद में चल रहा था. इलाज के दौरान रविवार की देर रात मौत हो गयी. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. घंटों तक आवागमन ठप रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान आक्रोशित लोग मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी करते रहे. सूचना पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. हालांकि, परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे.

क्या है घटना

बताया गया कि शुक्रवार को नियाज घर से बाइक लेकर कोलडीहा मोड़ की ओर जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अन्य बाइक ने धक्का मार दिया. इसमें नियाज गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया था. युवक की मौत से कोलडीहा इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है.

मंत्री के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद हटा जाम

इधर, सड़क जाम की जानकारी मिलनने पर राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. मंत्री ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में सरकार के साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया. उन्होंने परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का स्पष्ट आश्वासन दिया. कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मामले में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिये. मंत्री के आश्वासन के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग शांत हुए और जाम हटाया. नगर थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना के मामले की जांच जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >