सरिया में 29 हाथियों के झुंड ने चार घंटे मचाया उत्पात, फसल और परिसंपत्तियों को भारी नुकसान

सरिया प्रखंड में 29 हाथियों के झुंड ने 4 घंटे तक आतंक मचाया, जिसमें करीब 20 किसानों की मकई, धान और दलहनी फसलें रौंद दी गईं. कई किसानों की बाउंड्री वॉल भी तोड़ दी गई, जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ. वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है.

सरिया प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की रात 29 हाथियों के झुंड ने करीब चार घंटे तक अलग-अलग गांवों में विचरण करते हुए जमकर उत्पात मचाया. रात करीब 8 बजे क्षेत्र में पहुंचे हाथियों के झुंड ने सरिया प्रखंड कार्यालय के समीप सेवाबांध, मंदरामो, चरका पत्थर, भगत सिंह चौक और श्रीरामडीह गांव में कई किसानों की बाउंड्री वॉल तोड़ दी. इस दौरान एक पोल्ट्री फार्म भी क्षतिग्रस्त हो गया. हाथियों ने खेतों में लगी मकई, धान और दलहनी फसलों को रौंदकर काफी नुकसान पहुंचाया. हाथियों के अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा.

करीब 20 किसानों की फसल और संपत्ति प्रभावित

हाथियों के उत्पात से मन्नू मंडल, गिरिशचन्द्र दूबे, प्रकाश ठाकुर, हरिनारायण ठाकुर, सीताराम सिंह, बिनोद यादव और गिरधारी पंडित समेत करीब 20 किसान प्रभावित हुए हैं. भुक्तभोगी किसानों के अनुसार, हाथियों का झुंड अलग-अलग स्थानों पर घूमता रहा और रास्ते में आने वाली फसलों व परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचाता रहा.

हाथियों द्वारा तोड़ा गया बाउंड्री वॉल | Prabhat Khabar Network

मन्नू मंडल ने बताया कि हाथियों ने उनके बगीचे की बाउंड्री वॉल को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. करीब 10 कट्ठा में लगी मकई की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया गया, जबकि पांच कट्ठा में लगी अरहर की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा हाथियों के धान के खेत में घुसने से बिचड़े और धान की फसल भी क्षतिग्रस्त हुई है. मन्नू मंडल के अनुसार, हाथियों के उत्पात से उन्हें करीब एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

बारिश के कारण बुझ गई वन विभाग की मशाल

हाथियों के क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की चार सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची. टीम मशाल के सहारे हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने का प्रयास कर रही थी, लेकिन बारिश के कारण मशाल बुझ गई. इसके बाद वन कर्मियों को हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से खदेड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

हाथियों द्वारा खराब की गई फसल | Prabhat Khabar Network

गड़ैया जंगल में मौजूद है हाथियों का दल

वन परिसर पदाधिकारी अंशु कुमार पाण्डेय ने बताया कि हाथियों का झुंड फिलहाल नजदीक के गड़ैया जंगल में मौजूद है. वन विभाग की टीम लगातार हाथियों को सुरक्षित तरीके से खदेड़कर आबादी वाले क्षेत्र से दूर जंगल की ओर भेजने का प्रयास कर रही है. टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.

वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों के झुंड के आसपास भीड़ नहीं लगाने की सलाह दी गई है. हाथियों के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने और फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटना से जंगल किनारे बसे ग्रामीणों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Laxmi narayan pa

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >