Giridih News :किसके सिर बंधेगा मेयर का ताज, फैसला आज

Giridih News :गिरिडीह नगर निगम चुनाव की मतगणना शुक्रवार को बाजार समिति के प्रांगण में होगी. इसको लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. इसमें मेयर सहित वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा.

किसके सिर मेयर का होगा, इसका फैसला होना है. मतगणना को लेकर प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें तेज हो गयीं हैं. साथ ही साथ समर्थकों में भी उत्सुकता बढ़ती जा रही है. गिरिडीह शहरी क्षेत्र की जनता भी इस बात को जानने के लिए व्याकुल हैं कि निगम का अगला मेयर कौन होगा. लोगों की जिज्ञासा इस बात को लेकर भी है कि क्या कोई महिला प्रत्याशी मेयर पद पर आसीन होगी, या फिर कोई पुरुष.

मेयर पद के लिए 16 लोगों ने लड़ा है चुनाव

बता दें कि मेयर पद के लिए 16 प्रत्याशी अपना-अपना भाग्य आजमा रहे हैं. इनमें झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा, भाजपा समर्थित डॉ शैलेंद्र कुमार चौधरी, कांग्रेस समर्थित समीर राज चौधरी सहित अर्जुन बैठा, कामेश्वर पासवान, प्रकाश कुमार दास, पंकज कुमार सागर, गौरव कुमार, बनारसी लाल दास, अनिल कुमार दास, फूल देवी, नागेश्वर दास, कृष्णा तुरी, प्रदीप पासवान, योगेश्वर महथा, गोविंद तुरी शामिल हैं. सूत्रों की मानें तो मेयर पद को लेकर मुकाबला दिलचस्प है. इस चुनाव में सभी प्रत्याशियों ने खूब मेहनत की है. चुनाव में जहां झामुमो समर्थित प्रत्याशी प्रमिला मेहरा के पक्ष में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह सहित झामुमो खेमा के कई नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी. वहीं भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ शैलेंद्र कुमार चौधरी के पक्ष में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद डॉ रवींद्र कुमार राय, पूर्व मंत्री राज पालिवाल, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कैंपनिंग की. साथ ही भाजपा के जिलास्तरीय कई नेताओं ने भी खूब प्रचार-प्रसार किया है. इनके अलावे अन्य प्रत्याशियों ने भी अपनी ताकत झोंकी है. अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है.

कई वार्डों में त्रिकोणीय, तो कुछ वार्डों में सीधी टक्कर

नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में पार्षद पद के लिए जहां त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति रही, वहीं कुछ वार्ड में सीधी टक्कर है. वार्ड पार्षद पद के लिए कई राजनीतिक दलों के जिलास्तरीय नेता अपना भाग्य आजमा रहे हैं. इसलिए चुनाव परिणाम किसके पक्ष में आयेगा, इस पर सभी की नजर है. बता दें कि 36 वार्ड पार्षद पद के लिए 216 प्रत्याशी खड़े थे.

जश्न मनाने की तैयारी में जुटे हैं समर्थक

चुनाव परिणाम को लेकर जश्न मनाने की तैयारी में समर्थक जुट गये हैं. इसके लिए डीजे साउंड बुक कराने के साथ-साथ मिठाई और फूल माला का ऑर्डर दिया गया है. कुछ स्थानों पर पंडाल बनाने की योजना है. गुरुवार को कई प्रत्याशियों के आवासों पर समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा. यहां पर प्रत्याशी द्वारा समर्थकों को मतगणना कार्य की ट्रेनिंग दी गयी. मतगणना की बारीकियों को समझाया गया. मतगणना हॉल में उन्हें सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. बैलेट पेपर की गिनती के दौरान एक-एक पत्र पर नजर रखने को कहा गया है. साथ ही वोटों की गिनती को लेकर निर्धारित समय पर बाजार समिति पहुंचने की बात कही गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >