जमुआ थाना क्षेत्र के किसी भी गांव से रोजगार अथवा अन्य कार्य के सिलसिले में नेपाल गये प्रवासी मजदूरों की पूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गयी है. जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने क्षेत्र के सभी पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और संबंधित परिजनों से ऐसे लोगों की सूची तैयार कर तत्काल थाना में जमा कराने को कहा है.
सुरक्षा और आपात स्थिति में मदद के लिए जरूरी है जानकारी
थाना प्रभारी ने बताया कि नेपाल में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों का सही डेटा पुलिस के पास उपलब्ध रहना जरूरी है. इससे किसी आपातकालीन परिस्थिति में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ प्रशासनिक स्तर पर त्वरित सहायता पहुंचाने में सुविधा होगी. साथ ही जरूरत पड़ने पर संबंधित मजदूर और उसके परिजनों से संपर्क करना भी आसान होगा.
इन जानकारियों को सूची में शामिल करने का आग्रह
पुलिस ने नेपाल गये प्रत्येक व्यक्ति के संबंध में नाम, पिता का नाम और गांव का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है. इसके अलावा मजदूर का चालू मोबाइल नंबर, उसके साथ गये अन्य साथियों के मोबाइल नंबर तथा नेपाल में वह किस जिले या शहर में रह रहा है, इसकी जानकारी भी देने का आग्रह किया गया है. यदि मजदूर किसी ठेकेदार के अधीन काम कर रहा है, तो ठेकेदार का नाम और संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा गया है.
मुखिया व पंचायत प्रतिनिधियों से अभियान चलाने की अपील
थाना प्रभारी ने सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों, समाजसेवियों और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे प्रवासी मजदूरों को चिह्नित करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सूची तैयार कर जमुआ थाना में उपलब्ध करायी जाये, ताकि पुलिस के पास प्रवासी मजदूरों का अद्यतन विवरण उपलब्ध रहे.
पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य किसी भी विपरीत परिस्थिति में प्रवासी मजदूरों और उनके परिजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना तथा आवश्यकतानुसार सत्यापन की प्रक्रिया को सुगम बनाना है.
