Giridih News :चोरी के शक में ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा, की पिटाई

Giridih News :चोरी के शक में हो हल्ला के बाद ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को खदेड़कर पकड़ा और पिटाई कर दी. सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया. ग्रामीणों के आवेदन व संदिग्ध के पास बरामद नगदी, दुकान का गल्ला व रॉड जब्ती के बाद प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया.

घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पर्वतपुर की है.ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब चार बजे उनकी नजर गांव में घूम रहे एक संदिग्ध पर पड़ी. वह अपने हाथ में गल्ला लिए हुए था. लोगों को देखकर वह भागने लगा. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ के क्रम में युवक शादी समारोह में पत्तल उठाने के लिए आने की बात कहने लगा. लेकिन, ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की रात गांव में कोई शादी नहीं थी. वहां, गांव की एक दुकान और एक घर का ताला टूटा हुआ मिला.

जवाब पर गहराया संदेह

युवक के जवाब और गतिविधि देख ग्रामीणों का शक और गहरा गया. इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी गयी. सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर पुलिस गांव पहुंची और युवक को अपने साथ थाना ले गयी. ग्रामीणों के आवेदन पर पुलिस मामले की जांच में जुट गये. थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने कहा कि ग्रामीणों ने बुधवार की अलसुबह एक संदिग्ध के पकड़े जाने की सूचना दी थी. पुलिस उसे थाना ले आयी. पूछताछ व जांच में पाया गया कि पकड़ा गया मो आजाद करमई,अहिल्यापुर थाना का रहने वाला है. उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के मामले में गांडेय थाना में केस दर्ज है और जेल जा चुका है. संदिग्ध युवक के पास से 1850 रुपये नकद, गल्ला, एक छोटा टॉर्च, लोहे का रॉड बरामद किया गया. मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >