अभियान में सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान सजाने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया. सीओ ने सदल-बल जमुआ चौक पहुंचे. उनके निर्देश पर सड़क का अतिक्रमण किये दुकानदारों को खदेड़ दिया गया. कहा गया कि मुख्य सड़क और चौक के समीप दुकान लगाने से आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गयी कि यदि दोबारा उसी स्थान पर दुकान लगायी, तो सामान जब्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी.
सड़क वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
चौक पर जाम का सबसे बड़ा कारण सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े होनेवाले वाहन हैं. सीओ ने इस पर संज्ञान लेते हुए कहा कि बस, ट्रक और अन्य चार पहिया वाहन मालिक सड़क को ही स्टैंड समझ बैठे हैं. ऐसे वाहन मालिक, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर उन पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि चौक पर वाहनों के ठहराव की नियमित मॉनिटरिंग की जाये. अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
आमलोगों को मिलेगी राहत
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय राहगीरों और यात्रियों ने राहत की सांस ली है. जमुआ चौक पर घंटों लगने वाले जाम से अब मुक्ति मिलने की उम्मीद है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान केवल आज के लिए नहीं है, बल्कि आनेवाले दिनों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि 12 मई को डीसी का स्पष्ट निर्देश मिला है कि राष्ट्रीय राजमार्गों में लगने वाले हाट-बाजार को सड़क के किनारे से हटायें. इसके बाद यह अभियान चलाया गया.
