Giridih News :निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए रहें सतर्क : एसपी

Giridih News :जिले में अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को पपरवाटांड़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्राइम मीटिंग हुई. अध्यक्षता एसपी डॉ विमल कुमार ने की.

बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना व ओपी प्रभारी मौजूद रहे. बैठक में मुख्य रूप से नगर निगम चुनाव तथा आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी. एसपी ने जिले में घटित माहवार आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों, गंभीर अपराधों व संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली. विशेष रूप से महिला संबंधित अपराध, साइबर अपराध, चोरी, लूट व असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.

सघन वाहन जांच अभियान चलायें

नगर निगम चुनाव को लेकर एसपी ने सभी थाना व ओपी प्रभारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया. कहा कि सघन वाहन जांच अभियान चलायें. चुनाव के दौरान अवैध हथियार, शराब, नगदी व आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाये. साथ ही असामाजिक व उपद्रवी तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया. आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई. बैठक में सदर एसडीपीओ जीतवाहन ओरांव, सिटी डीएसपी नीरज कुमार सिंह, डीएसपी टू कौसर अली, साइबर डीएसपी आबिद खान, डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार, खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, बगोदर-सरिया के एसडीपीओ धनंजय राम, डुमरी के इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, पचंबा के इंस्पेक्टर मंटू कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित जिले भर के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.

हरलाडीह नाबालिग दुष्कर्म कांड के उद्भेदन पर टीम को मिला सम्मान

क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी ने पीरटांड़ प्रखंड के हरलाडीह में दो आदिवासी नाबालिग बच्चियों के दुष्कर्म मामले का सफल उद्भेदन करने वाली जांच टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. एसपी ने टीम की तत्परता, पेशेवर कार्यशैली व संवेदनशीलता की सराहना की. कहा कि नाबालिगों व महिलाओं से जुड़े अपराधों में पुलिस की त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई समाज में सुरक्षा का भरोसा पैदा करती है. हरलाडीह कांड में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, जमीनी जांच और आपसी समन्वय के माध्यम से मामले का सफल उद्भेदन किया, जो अन्य पुलिस कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है. सम्मानित की गयी टीम में डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, डुमरी इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, हरलाडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी व जवान शामिल थे.

एसपी ने इंस्पेक्टर को किया सम्मानित

जमुआ थाना क्षेत्र के भुपतडीह में फायरिंग की गंभीर घटना का उद्भेदन करने पर एसपी ने जमुआ अंचल के इंसपेक्टर प्रदीप कुमार दास को सम्मानित किया. ज्ञात हो कि तीन जनवरी को भूपतडीह गांव में फायरिंग की गयी थी. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर ने पांच जनवरी की रात जंगल की घेराबंदी अभियान चलाया गया और से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया. आरोपितों के पास से लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुआ. साथ ही अवैध हथियार की आपूर्ति से जुड़े अहम तथ्यों का भी खुलासा किया गया. एसपी ने इंस्पेक्टर श्री दास के काम की प्रशंसा की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >