Giridih News :प्रतिनिधि, सरिया. प्रखंड सभागार सरिया में मंगलवार को बड़की सरैया नगर पंचायत के निर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया आयोजित की गयी. इसमें मुख्य रूप से उपायुक्त राम निवास यादव, एसडीएम संतोष गुप्ता, गिरिडीह के डीएसओ, सरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित रहे. उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध सुशील कुमार मंडल निर्वाचित हुए. कार्यक्रम की शुरुआत निर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों को शपथ ग्रहण के साथ हुई. उपायुक्त श्री यादव ने निर्वाचित अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. इसके बाद उपाध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया आरंभ की गयी, जिसमें वार्ड संख्या 9 के पार्षद सुशील मंडल उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुने गये. उपाध्यक्ष सुशील मंडल को पद व गोपनीयता की शपथ नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी ने दिलवायी. चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद चयनित सभी प्रतिनिधियों को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया.
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें :
मौके पर लाेगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मंगलवार को बड़की सरैया नगर पंचायत चुनाव के बाद पहली बैठक आयोजित की गई. निर्वाचित अध्यक्ष, वार्ड सदस्य एवं उपाध्यक्ष जनता की उम्मीदों व कसौटी पर खरा उतरें. सरिया एक बेहतर नगर पंचायत बने एवं अपने विकास के मॉडल और जनता की अपेक्षा, स्वच्छता आदि के क्षेत्र में जिले में ही नहीं, बल्कि राज्य में अपनी एक अलग पहचान बनाये. उन्होंने अपेक्षा की कि जनता ने जिस उम्मीद, विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे खरा उतरेंगे, उनकी समस्याओं का निष्पादन समय पर हो सकेगा. इसके बाद नगर पंचायत की निर्वाचित अध्यक्ष शोभा देवी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि जनता ने जिन अपेक्षाओं और विश्वास के साथ उन्हें चुनकर भेजा है, उस पर हरसंभव खरा उतरने का प्रयास करूंगी. इसमें सभी वार्ड सदस्य, उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र की जनता के सहयोग के साथ कार्य करूंगी. वहीं उपाध्यक्ष सुशील मंडल ने भी कहा कि वार्ड सदस्यों व जनता ने जिन सहयोग के साथ उन्हें यह दायित्व दिया है, उसे पूरा करूंगा और बड़की सरैया नगर पंचायत एक विकसित सुंदर क्षेत्र बने, इसके लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे. मौके पर वार्ड सदस्य सोनी देवी, मंजू देवी, संगीता देवी, गायत्री देवी, अरुण राम, कल्पना कुमारी, मिलन यादव के अलावा काफी संख्या में अधिकारी व प्रशासनिक टीम मौजूद रहे. वहीं शपथ ग्रहण समारोह के बाद स्थानीय लोगों का विभिन्न राजनीतिक पार्टी के लोगों के द्वारा निर्वाचित अध्यक्ष, वार्ड सदस्य, उपाध्यक्ष आदि को बुके, फूल माला, शॉल आदि देखकर सम्मानित किया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.