Giridih News : भीड़ ने डिलीवरी ब्वॉय को पीटकर किया घायल

Giridih News : ट्रैफिक पोस्ट से घसीट कर मारपीट का आरोप

Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह निवासी 22 वर्षीय अभिजीत कुमार के साथ मंगलवार को शहर के व्यस्त इलाके में मारपीट की घटना सामने आयी है. पीड़ित ने इस संबंध में नगर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में अभिजीत कुमार ने बताया है कि वह एक कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में कार्यरत है. मंगलवार को डिलीवरी के सिलसिले में वह शहर के मौलाना आज़ाद चौक के पास पहुंचे थे. सड़क किनारे बाइक खड़ी कर वह कस्टमर को फोन कर रहे थे, तभी पीछे से आये एक मोटरसाइकिल सवार ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी. अभिजीत के अनुसार जब उन्होंने बाइक सवार से सावधानी से वाहन चलाने की बात कही, तो वह व्यक्ति अचानक उग्र हो गया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान उनकी बाइक भी गिरा दी गयी. देखते ही देखते घटनास्थल पर 40 से 50 लोगों की भीड़ जुट गयी और सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की. पीड़ित ने बताया कि अपनी जान बचाने के लिए वह मौलाना आज़ाद चौक स्थित ट्रैफिक पुलिस पोस्ट के भीतर घुस गये. लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें पोस्ट से बाहर खींचकर दोबारा पीटना शुरू कर दिया. ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने भीड़ से बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालात काबू में नहीं आ सके. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने घटना की सूचना नगर थाना को दी. सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी लोग वहां से फरार हो चुके थे. इसके बाद पीड़ित नगर थाना पहुंचा और मामले की शिकायत की. इसके बाद मारपीट में घायल अभिजीत का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. मामले की जांच की जा रही है : थाना प्रभारी घटना को लेकर नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया. उन्होंने बताया कि घायल युवक द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है. आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >