गावां. गावां प्रखंड स्थित जगदीशपुर गांव में वर्षा होते ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है. यह गांव प्रखंड के घने गांवों में से एक है, जहां लगभग पांच सौ से अधिक परिवारों के लोग रहते हैं. पिहरा हाट से जगदीशपुर गांव तक सड़क का निर्माण लगभग छह वर्षों पूर्व प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना से हुआ था. निर्माण के बाद एक वर्ष तक सब ठीक रहा, पर बाद के दिनों में सड़क गड्ढों में तब्दील हो गया है. घरहरवा पुल के बाद पूरे गांव के मुख्य सड़क पर गंदा पानी व व कीचड़ जमा हो जाता है. इससे वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सड़क पर कीचड़ होने के कारण सड़क के दोनों तरफ रहने वालों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उक्त पथ से लोग पिहरा बाजार व मुख्यालय आदि स्थानों पर जाते हैं. सर्वाधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है. ग्रामीण रामस्वरूप प्रसाद यादव, सरयू प्रसाद यादव, वासुदेव साव, उज्ज्वल कुमार आदि ने कहा कि सड़क कीचड़मय होने से आवाजाही में काफी परेशानी होती है. इधर, मुखिया अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि पथ के जर्जर हो जाने के कारण सड़क पर बरसात का पानी जमा हो जाने से यह समस्या उत्पन्न हो रही है. मामले को बैठकों में उठाया गया था. विभागीय पदाधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
