गिरिडीह से राकेश सिन्हा की रिपोर्ट
Giridih News: झारखंड के गिरिडीह के बनियाडीह सीसीएल क्षेत्र के कबरीबाद माइंस के पास मुआवजा की मांग को लेकर शव के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच पथराव की घटना घटी है. इस पथराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और स्थानीय ग्रामीणों को खदेड़ दिया है.
पूर्व घटना में युवक की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश
बता दें कि मंगलवार की देर रात कोयला चोरों ने कबरीबाद माइंस के पास हमला किया था. इसके बाद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच पथराव की घटना हुई थी. पथराव के दौरान चाकू बाजी की भी घटना घटी जिसमें एक युवक की मौत हो गई है. इस मामले के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हैं.
घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण
बुधवार की सुबह मृतक दिलीप दास के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सीसीएल प्रबंधन से 50 लाख रुपये मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग की है. इस मामले को लेकर अब तक कोई समझौता नहीं हुआ है. लेकिन बातचीत के दौरान ही मामला इतना बिगड़ गया कि आक्रोशित लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. मामला तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने भी लाठी चार्ज किया और लोगों को खदेड़ दिया. घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है लेकिन नियंत्रण में है.
घटनास्थल पर ये लोग हैं मौजूद
घटनास्थल पर गिरिडीह के एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, एसडीपीओ जीत वाहन उरांव समेत काफी संख्या में पुलिस जवान पहुंच चुके हैं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तीन थाना की पुलिस को लगाया गया है. घटनास्थल पर सीसीएल के पदाधिकारी भी उपस्थित हैं.
इसे भी पढ़ें: पुलिस हिरासत में पिटाई पर हाईकोर्ट सख्त, स्वास्थ्य सचिव और सरायकेला एसपी से मांगा जवाब
इसे भी पढ़ें: खरसावां के सरदार हत्याकांड में खुलासा: पत्नी और साला ने दूसरों के साथ मिलकर की थी हत्या, चार गिरफ्तार