सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. शकीला बानो की स्थिति गंभीर है. उनके सिर में गंभीर चोट लगी है. अन्य घायलों में मो सोनू, मो चांद, मो दानिश, मो शाहिद, मो हसनैन, मो रजा, मो मेराज, नसरीन नाज और सितारा अंजुम शामिल हैं. पीड़िता शकीला बानो ने पचंबा थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. कहा कि नगर निगम चुनाव का परिणाम आने के बाद आरोपित जुलूस लेकर उनके घर के पास पहुंचे और अपने प्रत्याशी की जीत का हवाला देते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगे. विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान उनका सिर फट गया. घर में घुसे लोगों ने सोने की चेन भी छीन ली.
मोहल्ले में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गयी. घटना की जानकारी पचंबा थाना की पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पचंबा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी. पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. कहा कि जांच में जो भी दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
