गिरिडीह. नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (एनएचए) के सीईओ डॉ. सुनील कुमार बरनवाल ने शनिवार को गिरिडीह सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. उनके साथ उपायुक्त रामनिवास यादव भी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत से जुड़ी कई व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर एनएचए सीईओ ने नाराजगी जतायी और संबंधित अधिकारियों को जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
डिजिटल हेल्थ मिशन का प्रचार नहीं मिलने पर जतायी नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री पर्याप्त मात्रा में नहीं लगी मिली. इस पर डॉ. बरनवाल ने नाराजगी जताते हुए मरीजों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे इन सेवाओं का लाभ उठा सकें.
पर्ची के लिए कतार, बारकोड व्यवस्था नहीं हुई लागू
अस्पताल में पर्ची कटाने के लिए मरीजों को कतार में खड़ा होकर इंतजार करना पड़ता है. मरीजों की सुविधा के लिए पूर्व में अस्पताल परिसर में बारकोड लगाने का निर्देश दिया गया था, जिससे पर्ची कटाने की प्रक्रिया आसान हो सके.
निरीक्षण के दौरान बारकोड की व्यवस्था लागू नहीं मिलने पर एनएचए सीईओ ने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द शुरू करने का निर्देश दिया.
वर्षों से खराब कियोस्क मशीन देख भड़के सीईओ
अस्पताल परिसर में वर्षों से खराब पड़ी कियोस्क मशीन को देखकर भी डॉ. बरनवाल ने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मशीन को जल्द चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को इसका लाभ मिल सके.
ये भी पढ़ें: कंटेनर की चपेट में आए 13 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत, डुमरी में पसरा मातम
इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में आयुष्मान सेवा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. जहां भी कमियां मिलीं, वहां आवश्यक सुधार करने को कहा.
एक सप्ताह में कमियां दूर करने का प्रयास
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डीएस डॉ. अरविंद कुमार समेत अस्पताल के अन्य अधिकारी मौजूद थे.
सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने बताया कि एनएचए सीईओ ने निरीक्षण के दौरान जो भी निर्देश दिये हैं, उन्हें गंभीरता से लिया गया है. अस्पताल की कमियों को एक सप्ताह के भीतर दूर करने का प्रयास किया जायेगा.
