नवडीहा ओपी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार व ओपी प्रभारी सविता कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर उक्त स्थान पर छापेमारी कर लाखों के नकली शराब व शराब बनाने की विभिन्न वस्तुओं को बरामद किया गया. एसडीपीओ ने बताया कि धंधा करने वाले संजय सिंह और उसके दो बेटे आशुतोष सिंह व ललन सिंह मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
मनरेगा की आम बागबानी में चल रहा था कारोबार
एसडीपीओ ने बताया कि सूचना पर जब वे सब घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी अपने घर से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर लगी आम बागबानी के अंदर बने एक छोटे से कमरे में नकली शराब बनाने का काम कर रहा था. वहीं से बड़ी मात्रा में शराब बनाने व पैक करने के सामान व नकली शराब बरामद किया है. आरोपियों के पास अपना टेंपो है, जिससे वह शराब की ढुलाई करते थे. एसडीपीओ ने कहा कि सूचना पर जब वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो देखा कि घर में सिर्फ महिलाएं हैं, पूछने पर पता चला कि पुरुष बाहर गये हैं. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. लेकिन, शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जायेगा. वे लोग वर्षों से यह धंधा कर रहे थे.
छह लाख का शराब व एक लाख का सामान बरामद
एसडीपीओ व नवडीहा ओपी पुलिस के संयुक्त छापेमारी में मिनी शराब फैक्ट्री से साठ पेटी नकली शराब बरामद हुई. इसकी अनुमानित कीमत लगभग छह लाख का बरामद किया गया. इसके अलावे कच्चा स्पिरिट दस लीटर, बीस लीटर का जार छह पीस, तीस लीटर का गैलेन सात पीस, 375 एमएल की खाली बोतल 385 पीस, दो सौ पीस शराब पैक करने के कार्टन, एक हजार लीटर की एक पानी टंकी के अलावे शराब बनाने व पैक करने में प्रयुक्त एक लाख की अन्य सामग्री बरामद करने में पुलिस सफल रही.
