Giridih News :शहर में महिला शक्ति पेट्रोलिंग की हुई शुरुआत
Giridih News :शहरी क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस ने एक पहल की है. मंगलवार को महिला थाना परिसर से महिला शक्ति पेट्रोलिंग की विधिवत शुरुआत की गयी. इस विशेष पेट्रोलिंग दल को एसपी डॉ बिमल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
एसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि पांच वाहनों से पेट्रोलिंग की जायेगी. इसके लिए दस महिला पुलिस कर्मी तैनात किये गये हैं. उन्होंने कहा कि पेट्रोलिंग से शहरी क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेज समेत अन्य वैसे स्थानों की जायेगी, जहां पर सबसे अधिक महिलाओं की भीड़ लगती है. महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह पेट्रोलिंग दल प्रतिदिन शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों, शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास नियमित गश्त करेगा. छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, स्टॉकिंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना भी उद्देश्य है.
प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों को किया गया है शामिल
महिला शक्ति पेट्रोलिंग दल में विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जो जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ महिलाओं को जागरूक भी करेंगी. एसपी ने बताया कि इस पहल से न सिर्फ महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, बल्कि अपराधियों में भी पुलिस का भय बना रहेगा. कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, डीएसपी टू कौसर अली, साइबर डीएसपी आबिद खान, डीएसपी नीलम कुजूर, डीएसपी कैलाश महतो, इंस्पेक्टर मंटू कुमार, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी समेत कई पुलिस अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.
एसपी ने महिला कॉलेज रोड का किया पैदल निरीक्षण, बंद पुलिस केंद्र खुलवाया
महिला शक्ति पेट्रोलिंग को रवानाकरने के बाद एसपी अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ शहर का निरीक्षण किया. एसपी सबसे पहले जेसी बोस चौक और महिला कॉलेज रोड के बीच स्थित लंबे समय से बंद पड़े पुलिस केंद्र के पास पहुंचे और उसे तत्काल खोलने का निर्देश दिया. पुलिस केंद्र खुलने के बाद एसपी वहां से पैदल ही महिला कॉलेज तक गये. इस दौरान स्कूल और कॉलेज से लाटने वाली छात्राओं को रोककर बात की. एसपी ने छात्राओं से उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में बिना झिझक तुरंत पुलिस को सूचना दें. इसके बाद एसपी आरके महिला कॉलेज पहुंचे और कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा किया. उन्होंने कॉलेज के प्रवेश-निकास मार्ग, आसपास की स्थिति और सुरक्षा से जुड़े अन्य बिंदुओं की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान एसपी ने कॉलेज के प्राचार्य और शिक्षकों को छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. साथ ही पुलिस और कॉलेज प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाये रखने पर जोर दिया.