Giridih News :बड़की सरैया नगर पंचायत : आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के निर्देश

Giridih News : बड़की सरैया नगर पंचायत में नगर निकाय चुनाव को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है. इसे लेकर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सभी प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी प्रकार की भड़काऊ भाषा, व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले वक्तव्यों से परहेज करने का निर्देश दिया है. बिना अनुमति पोस्टर, बैनर, होर्डिंग या दीवार लेखन प्रतिबंधित रहेगा. सार्वजनिक एवं निजी स्थलों पर प्रचार सामग्री लगाने से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा. प्रचार के लिए जुलूस, सभा, रैली, रोड-शो, वाहन एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग हेतु निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्व अनुमति आवश्यक है. तय सीमा से अधिक तीव्रता के ध्वनि प्रयोग पर कार्रवाई की जायेगी. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर रहेगी.

शांतिपूर्ण चुनाव सामूहिक जिम्मेदारी

निर्वाची पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्याशियों को अपने चुनावी व्यय का दैनिक लेखा-जोखा निर्धारित प्रपत्र में संधारित करने तथा समय-समय पर व्यय प्रेक्षक के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. आचार संहिता उल्लंघन की स्थिति में संबंधित पक्ष के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है. प्रशासन ने प्रत्याशियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >