जमुआ में बारिश से किसान का कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबे जमीन के जरूरी दस्तावेज

गिरिडीह के जमुआ में भारी बारिश के कारण किसान का कच्चा मकान ढह गया. मलबे में जरूरी कागजात और अनाज दबने से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है.

गिरिडीह के ग्रामीण इलाकों में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश ने गरीब किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खेतों में भदई फसल को नुकसान पहुंचने के बाद अब कच्चे और खपरैल मकानों पर भी बारिश का कहर टूट रहा है.

जमुआ प्रखंड की धर्मपुर पंचायत अंतर्गत श्यामसिंह नवाडीह में मंगलवार को बारिश के कारण किसान रघुनाथ सिंह का खपरैलनुमा कच्चा मकान भरभराकर ढह गया. हादसे में घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया.

मलबे में दबे जमीन के दस्तावेज

पीड़ित परिवार के अनुसार, मकान के मलबे में जमीन और खेत-खलिहान से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज दबकर नष्ट हो गए. घर में रखी नकदी, चावल, गेहूं, दाल समेत अन्य खाद्यान्न पानी और मिट्टी में मिल गए. कपड़े, बर्तन तथा ओढ़ने-बिछाने के सामान भी खराब हो गए. परिवार ने बताया कि लंबे समय से मेहनत कर जुटाई गई गृहस्थी बारिश की एक घटना में तबाह हो गयी.

बाल-बाल बचा परिवार

घटना के समय गृहस्वामी रघुनाथ सिंह खेत में धान की फसल देखने गए थे. परिवार की महिलाएं मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने गई थीं. घर में एक-दो सदस्य ही मौजूद थे. मकान की दीवार और छत गिरने की आहट मिलते ही मौजूद सदस्य तत्काल बाहर निकल गए. इससे बड़ा हादसा टल गया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

प्रशासन से तत्काल मदद की मांग

ग्रामीणों बहादुर सिंह, पंचानंद सिंह, पंचायत समिति सदस्य नुनूलाल हाजरा समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को तत्काल सर्वे कर सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >