बेंगाबाद में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कच्चा मकान गिरा; सड़कें जलमग्न

बेंगाबाद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. कई कच्चे मकान गिर गए हैं और सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है. किसानों की फसलें भी बर्बाद हो गई हैं.

बेंगाबाद प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. चारों ओर जलजमाव की स्थिति बनने से ग्रामीणों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी परेशानी बढ़ गयी है. कई ग्रामीण सड़कों पर पानी जमा हो जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है. खेत-खलिहान और तालाब भी पानी से भर गये हैं. लगातार बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. कई जगह बिजली के तार और पोल को नुकसान पहुंचने से आपूर्ति बाधित रही.

इधर, मधवाडीह पंचायत के बरियारपुर गांव में बारिश के कारण मो इस्लाम का कच्चा मकान गिर गया. घटना के समय परिजन घर में सो रहे थे. मकान के दरकने की आहट मिलने पर सभी आनन-फानन में बाहर निकल गये. कुछ ही देर बाद मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया. इससे घरेलू सामान और अनाज बर्बाद होने की बात कही गयी है. मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रात में सिर छुपाने की समस्या खड़ी हो गयी है. लगातार बारिश जारी रहने से क्षेत्र में अन्य कच्चे मकानों को लेकर भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है.

जलमग्न हुए प्रमुख मार्ग, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

भारी बारिश के कारण बेंगाबाद-लुप्पी मार्ग पर कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गयी है. सड़क पर पानी जमा होने से इस रास्ते से आवागमन करना मुश्किल हो गया है. बेंगाबाद और छोटकी खरगडीहा बाजार में सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को परेशानी हो रही है. बहादुरपुर-बिशनपुर मार्ग पर भी कई स्थानों पर जलजमाव के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया है.

ग्रामीणों के अनुसार, कई जगह पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या और बढ़ गयी है. सड़क किनारे स्थित कुछ घरों में भी बारिश का पानी घुसने की बात सामने आयी है. लगातार बारिश के कारण ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए भी घर से निकलने में परेशानी हो रही है.

क्षतिग्रस्त कच्चा मकान | Prabhat Khabar Network

बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त, पेड़ गिरने से यातायात बाधित

बारिश के दौरान बेंगाबाद चौक पर बिजली पोल को भी नुकसान पहुंचा. बिजली के तार गिरने से प्रखंड और अंचल कार्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. देर शाम तक बिजली विभाग की टीम राहत और बहाली के काम में जुटी रही. लगातार बारिश के बीच क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने में कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

वहीं, बिशनपुर और कर्णपुरा के पास सड़क किनारे पेड़ गिर जाने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ. ग्रामीणों की मदद से गिरे पेड़ों को हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका.

मड़ुआ समेत कई फसलों को नुकसान, किसान परेशान

बारिश से किसानों की फसलों पर भी असर पड़ा है. खेतों में लगी मोटे अनाज की फसल को नुकसान पहुंचा है. मड़ुआ की तैयार फसल पानी में खराब होने की बात किसानों ने कही है. इसके अलावा मूंग, उड़द सहित अन्य भदई फसलें भी प्रभावित हुई हैं. किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण तैयार फसल को बचाना मुश्किल हो रहा है.

हालांकि, धान की फसल के लिए बारिश को फिलहाल लाभकारी माना जा रहा है, लेकिन अन्य भदई और मोटे अनाज की फसलों को हुए नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गयी है. इधर, लगातार बारिश जारी रहने के कारण जलजमाव और कच्चे मकानों को लेकर ग्रामीणों में आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों की मांग है कि जलनिकासी वाले स्थानों की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य पर नजर रखी जाए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >