Giridih News :गिरिडीह : बूथ के बाहर फायरिंग में दो घायल, पथराव में कई चोटिल, दुकानों में तोड़फोड़
Giridih News :गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार शाम करीब 4.30 बजे एक बूथ पर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गयी. हंगामे के बाद हुई फायरिंग में दो लोग घायल हो गये. घायलों में भंडारीडीह के 55 वर्षीय शमीम अंसारी पिता शौकत अंसारी और 26 वर्षीय शेरू अंसारी पिता मो इस्लाम शामिल हैं. शमीम की कनपट्टी में गोली लगी है. वहीं शेरू के पैर में गोली लगी है.
दोनों को धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, वार्ड 18 स्थित आजाद नगर मोहल्ले के एक बूथ पर उस दौरान अंधाधुंध फायरिंग की गयी, जब लोग मतदान कर रहे थे. फायरिंग के बाद दोनों ओर से पथराव और तोड़-फोड़ शुरू हो गयी. पथराव में कई लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है. एक दुकान में तोड़-फोड़ हुई है. इस दौरान आततायियों ने पत्रकारों को भी नहीं छोड़ा. सूचना मिलने पर डीसी, एसपी समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये. आक्रोशित लोगों ने हमला करने वाले की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी. जाम रात नौ बजे हटा. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है. रात साढ़े नौ बजे आइजी सुनील भास्कर, आइजी अभियान माइकल एस राज, और डीआइजी अंजनी कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गये. वरिष्ठ अधिकारियों ने एसपी डॉ विमल कुमार से घटना की बाबत जानकारी ली है.
मो शमीम अंसारी की कनपट्टी में फंसी है गोली
गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ शेख मोहम्मद जफरुल्लाह ने बताया कि दो घायल सदर अस्पताल पहुंचे थे. उन्हें एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया है. एक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. इधर, एसएनएमएमसीएच में इलाजरत मो शमीम अंसारी की कनपट्टी में गोली फंसी हुई है. यहां आने पर न्यूरो सर्जन ने इलाज शुरू किया. चिकित्सकों की सलाह पर तत्काल शमीम का सीटी स्कैन कराकर गोली से हुए नुकसान का आकलन किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, गोली कनपट्टी के बाहरी हिस्से में फंसी हुई है. मंगलवार को ऑपरेशन करने की तैयारी है. चिकित्सकों के अनुसार, शमीम की स्थिति स्थिर बनी हुई है. वहीं, घायल मो असलम के पैर में फंसी गोली भी मंगलवार को निकाली जायेगी.
फायरिंग के बाद सड़क जाम कर लोगों ने जाया विरोध
मतदान शुरू होने के साथ ही मतदान केंद्र में दो पक्षों के बीच रुक-रुक कर झड़प हो रही थी. यह मामला तब हिंसक हो गया जब आजाद नगर मोहल्ले में स्थित एक स्कूल में बनाये गये बूथ पर मतदान की प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही थी. फायरिंग की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया है कि शिवम आजाद ने अपने तीन सहयोगियों के साथ फायरिंग की है. चारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों ने चैताडीह तथा गिरिडीह-पचंबा रोड को भी जाम कर दिया है.
घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात :
डॉ विमल कुमार ने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में इस कांड में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जायेगा. कहा कि घटनास्थल पर अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गयी है और पूरे गिरिडीह शहर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है. स्थिति पर पुलिस नजर रखे हुए है.
दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई : डीसी
डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि कि इस मामले में दोषी लोगों के विरूद्ध शीघ्र ही कार्रवाई की जायेगी. बताया कि दो लोगों को गोली लगने की सूचना मिली है. दोनों घायलों को धनबाद रेफर किया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार लाइन हाजिर, रतन को मिली कमान
फायरिंग की घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी डॉ विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. वहीं 1994 बैच के इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह को नया नगर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है.
फायरिंग मामले में एसआइटी गठित
फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने जांच व आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसपी ने एसआइटी गठित की है. टीम में सदर एसडीपीओ जीतवाहन, डीएसपी हेडक्वार्टर नीरज कुमार सिंह और डीएसपी-टू कौसर अली शामिल हैं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.