Giridih News :अगलगी में नकद समेत पांच लाख के सामान खाक

Giridih News :धनवार प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी डोरंडा पंचायत के कारीटांड़ में सोमवार की सुबह भीषण अगलगी की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गयी. आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के नकद सहित लाखों के सामान जलकर खाक हो गये. राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

जानकारी के अनुसार कारीटांड़ निवासी पंकज राय, विकास राय, अजय राय एवं रामचंद्र राय (पिता-छत्तर राय) के घर में सोमवार की सुबह अचानक आग लग गयी. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान घर के एक कमरे से धुआं उठता देख परिजनों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. भुक्तभोगी परिवार ने आशंका जतायी है कि घर के बगल से गुजर रहे जर्जर बिजली तार के कारण अचानक घर में हाई वोल्टेज करंट आ गया. इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गयी.

दो घंटे लगे आग बुझाने में

स्थानीय ग्रामीण शिवेशलाल सहाय, विकास पांडेय आदि के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी, पाइप आदि के सहारे आग बुझाने का प्रयास करने लगे. सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

शादी की चल रही थी तैयारी

भुक्तभोगी परिवार के अनुसार इस अगलगी में लगभग एक लाख रु नकद, एक क्विंटल मकई, सात क्विंटल चावल, पचास किलो कुरथी, दस किलो दाल, तीस किलो मडुवा सहित भारी मात्रा में अनाज जलकर नष्ट हो गये. इसके अलावा शादी के लिए खरीदे गये करीब 75 हजार रु के नये कपड़े, बर्तन, रजाई-गद्दे, कुर्सी, टेबल, फर्नीचर, कीमती वस्त्र, रोजमर्रे की सामग्री, महत्वपूर्ण कागजात एवं गहने भी आग की भेंट चढ़ गये. कुल मिलाकर लगभग पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान आंका गया है.

सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा

इधर, घटना की सूचना मिलते ही भाजपा डोरंडा मंडल अध्यक्ष राजू पांडेय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उनका हालचाल जाना. उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ितों को शीघ्र आपदा राहत राशि उपलब्ध कराने एवं हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने की मांग की. पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >