स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य की समीक्षा के क्रम में डीसी ने पाया कि कुछ प्रखंडों में अब तक निर्माण के लिए भूमि का चयन नहीं किया गया है. उन्होंने संबंधित बीडीओ को भूमि चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आमजनों तक पहुंच सके.
वेस्ट व सैनिटेशन पार्क बनाने पर जोर
वेस्ट व सैनिटेशन पार्क के निर्माण की भी समीक्षा की गयी. डीसी ने सभी बीडीओ को निर्देश देते हुए कहा कि पार्क निर्माण के लिए आवश्यक पांच से 10 डिसमिल भूमि का चिह्नित करे. ऐसे स्थलों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाये जहां पूर्व से कचरा डंप किया जाता रहा है, ताकि उन्हें विकसित कर सुव्यवस्थित वेस्ट एवं सैनिटेशन पार्क के रूप में स्थापित किया जा सके. बैठक में हर घर जल सर्टिफिकेशन व हैंडओवर कार्यों की भी समीक्षा की गयी.
जिले को और बेहतर करने की आवश्यकता
डीसी ने कहा कि इस क्षेत्र में जिले को अभी और बेहतर प्रदर्शन करने की आवश्यकता है. उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के मुखिया व कनीय अभियंताओं के साथ बैठक कर सर्टिफिकेशन एवं हैंडओवर कार्यों में आ रही बाधाओं की समीक्षा तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति लायें. बैठक में डीडीसी स्मृता कुमारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल व स्वच्छता प्रमंडल एक और दो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे.
