गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया तथा मताधिकार के प्रति जागरूक करना था.
फॉर्म-6, 7 और 8 की दी गयी जानकारी
कार्यक्रम में निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार और मनमोहन ने विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नये मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है.
अधिकारियों ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सुधार कराने की अपील की.
मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला : प्राचार्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एम.एन. सिंह ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है. प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना और उसका विवरण सही एवं अद्यतन रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
एनएसएस स्वयंसेवकों को किया गया जागरूक
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. डी.के. वर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मतदाता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि युवा मतदाता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
कार्यक्रम में डॉ. बलभद्र सिंह, प्रो. श्वेता कुमारी, प्रो. विनीता कुमारी, प्रो. अरुणिमा सिंह सहित कॉलेज के कई शिक्षक उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में डॉ. बलभद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
