Giridih News :चुनाव प्रचार अभियान ने पकड़ा जोर, गली-गली पहुंच रहे प्रत्याशी

Giridih News :नगर निगम चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अभियान जोर पकड़ लिया है. गिरिडीह शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भोंपू का शोर गूंज रहा है. एक ओर जहां प्रत्याशियों की ओर से जोर लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रचार वाहन सभी वार्डों और मोहल्लों में पहुंच रहा है.

चुनाव मैदान के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में चुनावी होर्डिंग लगाने को लेकर भी आपाधापी मची हुई. मेयर पद से लेकर वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों द्वारा सुबह से लेकर शाम तक गली-मोहल्लों का भ्रमण किया जा रहा है. मतदाताओं से मिलकर समर्थन करने की अपील की जा रही है. इस दौरान अपनी-अपनी प्राथमिकताओं को गिनाने के साथ-साथ संकल्प पत्र जारी किये जा रहे हैं.

मेयर पद के 16 प्रत्याशी मैदान में

बता दें कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए 16 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. भले ही यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है. लेकिन राजनीतिक दलों के नेता अपने पार्टी के समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में दौरा कर रहे हैं. इससे नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान बढ़ गया है. चुनावी रणनीति तय कर जनसंपर्क अभियान में तेजी लायी जा रही है. मेयर पद के लिए चुनावी दंगल में शामिल प्रत्याशियों को खूब पसीना बहाना पड़ रहा है. गिरिडीह शहरी क्षेत्र का क्षेत्रफल बड़ा रहने के कारण हरेक इलाकों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. मेयर पद प्रत्याशी समर्थकों के साथ सुबह से लेकर देर शाम तक चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं. बैठकों का सिलसिला भी जारी है. नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 36 वार्ड हैं. इनमें से 16 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित है. सभी वार्डों में चुनाव प्रचार तेज है. महिला प्रत्याशियों द्वारा निरंतर जनसंपर्क अभियान चला रही हैं. वहीं जिन वार्डों में पुरुष प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, वे भी अलसुबह डोर-टू-डोर भ्रमण कर रहे हैं. जनता से आशीर्वाद देने की अपील कर रही है.

मतदाता भी कर रहे हैं सवाल

चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं द्वारा भी प्रत्याशियों के समक्ष कई सवाल रखे जा रहे हैं. समस्याओं के समाधान को लेकर किये गये प्रयासों के बाबत सवाल पूछे जा रहे हैं. साथ ही साथ प्रत्याशियों के समक्ष समस्याओं की लंबी फेहरिस्त रखी जा रही है. यह दीगर बात है कि सवाल पूछने वाले लोगों की संख्या कम होती है, लेकिन पूछे गये सवालों के समर्थन में कई लोग खड़े रहते हैं. जाहिर है जैसे-जैसे चुनाव प्रचार अभियान तेज होगा, सवाल भी तीखे हो सकते हैं.

चौक-चौराहों पर हो रही है चुनाव की चर्चा

निगम क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर चुनावी चर्चा हो रही है. खासकर चाय की दुकानों पर जब भी दो-चार लोग जुटते हैं, तो प्रत्याशियों के बारे में चर्चा करने लगते हैं. सभी प्रत्याशियों का आकलन किया जा रहा है. रुझानों की भी चर्चा होती है. खासकर मेयर पद को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है. कुछ इलाकों में वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों को लेकर गरम बहसबाजी का दौर चल रहा है. समर्थन व विरोध में बातें की जा रही है.

शहरी जलापूर्ति, गंदगी, जर्जर नाली व होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी बना है जनमुद्दा

नगर निगम चुनाव में शहरी जलापूर्ति, गंदगी, जर्जर नाली व होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी का मामला जनमुद्दा बना हुआ है. विभिन्न वार्डों में क्षेत्र भ्रमण के दौरान शहरवासियों द्वारा इस सवालों को जोरशोर से उठाया जा रहा है. साथ ही साथ नागरिक सुविधा, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण, जाम की समस्याओं से निजात दिलाने का मुद्दा है. शहरवासी इस चुनाव से जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद लगाये हुए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >