देवरी प्रखंड के चतरो बाजार के व्यवसायियों और ग्रामीणों ने बाजार में बने नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला पर दोबारा अतिक्रमण होने के कारण बाजार में सड़क जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है.
ग्रामीण अमर कुमार साव, रामप्रवेश हाजरा, दीपक साव, राकेश सिंह, खलील अंसारी, मनोज बरनवाल, सागर गुप्ता आदि ने बताया कि करीब छह माह पूर्व देवरी अंचल कार्यालय की ओर से नाला को नाला को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था. इसके बाद बाजार में लगने वाली जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो गई थी. नाला खाली रहने पर लोग दो पहिया वाहन को खड़ा रखने व पैदल आवागमन करने में नाला उपयोग करते हैं.
ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में कुछ लोगों द्वारा नाले पर दुकान लगाकर दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया है. इससे नाले का उपयोग बाधित हो गया है. इसके साथ ही बाजार आने वाले लोगो को दोपहिया वाहन सड़क पर ही खड़ा करना पड़ रहा है. इसके कारण जाम की स्थिति बन रही है.
व्यवसायियों एवं ग्रामीणों ने देवरी अंचल प्रशासन से मामले की जांच कर नाला को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने और दोबारा अतिक्रमण नहीं हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबन्ध में देवरी के अंचलाधिकारी श्यामलाल मांझी ने बताया कि एसआईआर से संबन्धित कार्य पूरा होने के बाद चतरो बाजार में नाला को अतिक्रमण मुक्त करवाने का कार्य किया जाएगा.
