बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग पर दोंदलो के समीप सड़क किनारे खड़ा विशाल सूखा बरगद का पेड़ अचानक गिर गया. संयोग से उस समय कोई वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी घटना टल गई. हालांकि, पेड़ के सड़क पर गिरते ही करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई.
पेड़ गिरने से पहले गुजरा था ऑटो
स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ गिरने से कुछ देर पहले ही एक ऑटो वहां से गुजरा था. इसके बाद अचानक बरगद का पेड़ सड़क पर जा गिरा. पेड़ की विशाल शाखाएं सड़क पर फैल गयीं. इससे दोनों ओर से वाहनों का आवागमन पूरी तरह रुक गया. घटना के बाद राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.
ग्रामीणों के सहयोग से हटाया गया पेड़
सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया सह भाजपा प्रखंड अध्यक्ष तुलसी महतो मौके पर पहुंचे. उन्होंने बगोदर पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ की शाखाओं को कटवाने का काम शुरू कराया गया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टहनियां हटाए जाने से यातायात आंशिक रूप से सामान्य हुआ. बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और पेड़ को पूरी तरह सड़क से हटाने की कार्रवाई में जुट गई.
सड़क किनारे हैं दर्जनों सूखे पेड़
मुखिया तुलसी महतो ने बताया कि बगोदर-सरिया रोड के किनारे बड़ी संख्या में पेड़ सूख चुके हैं. कई पेड़ काफी जर्जर स्थिति में हैं और कभी भी सड़क पर गिर सकते हैं. इससे इस व्यस्त मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है.
विभाग को कई बार दिया गया है आवेदन
उन्होंने कहा कि सूखे और जर्जर पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग को कई बार आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े ऐसे पेड़ बरसात और तेज हवा के दौरान दुर्घटना का कारण बन सकते हैं. लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से सड़क किनारे मौजूद सूखे पेड़ों का तत्काल सर्वे कराकर उन्हें हटाने की मांग की है.
