गावां पंचायत सचिवालय में शुक्रवार को भाकपा माले की प्रखंड कमेटी की बैठक हुई. बैठक में जमीन कब्जा, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गयी. अध्यक्षता प्रखंड सचिव सकलदेव यादव ने की, जबकि संचालन संजय दास ने किया.
10 सितंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो धरना
पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि खरसान पंचायत के झाराढाब मौजा में गरीब परिवारों की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किये जाने की शिकायत मिली है. आरोप है कि दलित परिवारों के इंदिरा आवास को ध्वस्त कर जमीन पर कब्जा किया गया है. विरोध करने वाले परिवारों को धमकी दिये जाने की भी शिकायत है.
उन्होंने कहा कि मामले को लेकर अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है. यदि 10 सितंबर तक जमीन को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो भाकपा माले उसी स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी. उन्होंने कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर उतरेगी पार्टी
राजकुमार यादव ने कहा कि जनता के सवालों को लेकर भाकपा माले और इंकलाबी नौजवान सभा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता सुधीर भुइयां के साथ जातिसूचक गाली-गलौज किये जाने का भी आरोप लगाया और मामले में कार्रवाई की मांग की.
बैठक में किसान महासभा के राष्ट्रीय सम्मेलन, सदस्यता अभियान और धनबाद जाने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा प्रखंड में भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया.
मौके पर नागेश्वर यादव, पवन चौधरी, अशोक मिस्त्री, अकलेश यादव, मुस्लिम अंसारी, जाशो देवी, केदार यादव, उपेंद्र यादव, अयोध्या प्रसाद यादव, बासदेव यादव, संजय यादव, बिजेंद्र रविदास, बानो खातून, मुद्रिका देवी, सुधीर भुइयां, राजू यादव, पवन वर्मा, मनोज सिंह समेत अन्य मौजूद थे.
