दुबई में तीन महीने से अधिक समय से फंसे गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका निवासी प्रवासी मजदूर रामेश्वर दास की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए राज्य सरकार ने पहल की है. इस बाबत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य प्रवासन प्रकोष्ठ सक्रिय हो गया है. प्रकोष्ठ ने रामेश्वर की वापसी के लिए यूएई स्थित भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज भी भेजे गये हैं.
राज्य प्रवासन प्रकोष्ठ की टीम लीडर शिखा लकड़ा ने बताया कि सोमवार को रामेश्वर दास की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने को ले सीएम के निर्देश के बाद प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों से संपर्क कर मामले की जानकारी दी. रामेश्वर के परिजनों और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
कर्ज लेकर गया था दुबई
रामेश्वर दास बगोदर थाना क्षेत्र के अटका गांव का रहने वाला है. परिजनों के अनुसार, वह रोजी-रोटी की तलाश में एक ठेकेदार के माध्यम से छह मई को टूरिस्ट वीजा पर दुबई गया था. विदेश जाने के लिए उसने कर्ज लिया था. परिजनों का कहना है कि दुबई पहुंचने के बाद से ही वह घर लौटने के लिए परेशान था और लगातार स्वदेश वापसी की कोशिश कर रहा था.
पांच दिनों से मोबाइल बंद, बढ़ी चिंता
रामेश्वर के परिजनों के अनुसार, पिछले पांच दिनों से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है. उसका मोबाइल फोन भी बंद है. इससे परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं. परिजनों ने सरकार से हस्तक्षेप कर रामेश्वर का पता लगाने और उसकी सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है.
सामाजिक कार्यकर्ता ने की पहल
प्रवासी मजदूरों के मामलों में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने रविवार को अटका गांव पहुंचकर रामेश्वर के परिजनों से मुलाकात की थी. उन्होंने परिवार की परेशानी और रामेश्वर के दुबई में फंसे होने की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को टैग कर मदद की अपील की.
मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद प्रवासी मजदूर नियंत्रण कक्ष को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया. इसके बाद राज्य प्रवासन प्रकोष्ठ ने संबंधित केंद्रीय और राजनयिक अधिकारियों से संपर्क कर रामेश्वर की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू की है.
