बेंगाबाद में बाइक और कार की सीधी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल

मधुपुर-गिरिडीह NH पर नैयाडीह गांव के पास बाइक और कार की जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद NH पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

मधुपुर-गिरिडीह एनएच मुख्य मार्ग पर नैयाडीह गांव के पास शुक्रवार की दोपहर बाइक और कार के बीच सीधी टक्कर हो गयी. जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे में दोनों वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का एक टायर खुल गया, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.

एनएच एंबुलेंस से घायलों को भेजा गया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एनएच की एंबुलेंस से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. दोनों युवकों के नाम और पते की जानकारी नहीं मिल सकी है. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

देवघर से जलार्पण कर लौट रहे थे श्रद्धालु

बताया जाता है कि कार संख्या जेएच 01 ईयू 2285 में सवार बोलबम के श्रद्धालु देवघर बाबा मंदिर में जलार्पण करने के बाद गिरिडीह की ओर लौट रहे थे. वहीं देवीपुर क्षेत्र के दो युवक बाइक संख्या जेएच 11 एजे 8204 से मधुपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान नैयाडीह गांव के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी.

बाइक के उड़े परखच्चे, कार भी क्षतिग्रस्त

टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गये. बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गये, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आयीं. वहीं कार का एक टायर खुल गया और उसका अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

श्रद्धालुओं को दूसरे वाहन से भेजने में जुटी पुलिस

हादसे के बाद कार में सवार बोलबम श्रद्धालु भी मौके पर फंस गये. पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था कराने की पहल शुरू की. इधर, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >