Giridih News : प्रतिनिधि, तिसरी. तिसरी प्रखंड के पलमरुआ-नईयाडीह मोड़ के पास शुक्रवार को ब्रेक फेल होने के बाद आर्या पब्लिक स्कूल के बच्चों से भरी सवारी गाड़ी सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरी. इससे उसमें सवार लगभग डेढ़ दर्जन से ज्यादा बच्चे बाल-बाल बच गये. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सभी बच्चों को गाड़ी से बाहर निकाला. इस हादसे में एक-दो बच्चों को हल्की चोटें भी आयी हैं. वहीं वैन का ड्राइवर मौके पर से फरार हो गया. बता दें कि विद्यालय में इस्तेमाल किये जा रहे इस वाहन में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक सवारी ढोने वाली गाड़ी है. वहीं जब उक्त गाड़ी (जेएच 11सी-0554)का कंडीशन ऑनलाइन चेक किया गया तो उक्त वाहन 21 वर्ष पुरानी निकली. इस वाहन का कोई भी कागजात सही नहीं है, गाड़ी की फिटनेस, इंश्योरेंस, टैक्स आदि सारे फेल हैं.
शिक्षा विभाग की गाइडलाइन को ताक पर रख कर चलाये जा रहे स्कूली वाहन :
तिसरी प्रखंड में लगभग सभी निजी विद्यालयों में सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ायी जा रही है और शिक्षा विभाग की सभी गाइड लाइनों को ताक पर रखकर विद्यालय द्वारा स्कूली वाहन चलवाया जा रहा है. कुछ दिन पहले ही तिसरी के ही एक निजी विद्यालय का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और उसमें कई बच्चों को चोटें भी आयी थीं. जबकि उक्त वाहन के भी कई कागजात फेल थे. उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग को बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करनेवाले विद्यालय प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई करने की जरूरत है. साथ ही अभिभावकों को भी देखना होगा कि वे अपने बच्चों को क्या सुरक्षित वाहनों से स्कूल भेजते हैं. इधर, तिसरी के बीइइओ रंजीत कुमार चौधरी ने कहा कि हमने पिछली बार भी स्कूल वाहन दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए उक्त विद्यालय पर कार्रवाई करते हुए जिले को लिखा था.
हादसे के बाद मची अफरातफरी :
मिली जानकारी के अनुसार तिसरी स्थित आर्या पब्लिक स्कूल की सवारी गाड़ी पलमरुआ साठनाल की ओर से स्कूल के बच्चों को लाने गयी थी. बच्चों को लेकर वह वापस स्कूल लौट ही रही थी कि नईयाडीह मोड़ के पास गाड़ी का ब्रेक फेल हो जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और गाडी सड़क किनारे स्थित गार्डवाल को फांदते हुए गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्चों को उक्त वाहन में से बाहर निकला, जिसमें से कुछ बच्चों को हल्की चोटें भी आयी. साठनाल के रेहान को सिर पर हल्की चोट आई है वह आर्या पब्लिक स्कूल के क्लास वन में पढ़ाई करता है. वहीं उसी विद्यालय की पांचवीं की छात्रा अंशु कुमारी को भी हल्की चोट आयी हैं. घटना के बाद तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को जेसीबी द्वारा गड्ढे से ऊपर सड़क पर लाया और फिर वाहन को कब्जे में लेकर थाना ले आयी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.