सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों का हंगामा, वाहन सवारों की पिटाई

करमजोरा-गेनरो मुख्य सड़क पर गेनरो मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार कार्तिक साव की जान चली गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन सवारों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है.

करमजोरा-गेनरो मुख्य सड़क पर गेनरो मंदिर के समीप शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार कार्तिक साव की मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी देवंती देवी घायल हो गयीं. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन सवार लोगों की पिटाई कर दी, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी.

चारपहिया वाहन की चपेट में आयी बाइक

जानकारी के अनुसार कार्तिक साव अपनी पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान गेनरो मंदिर के समीप एक चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये.

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बेंगाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से चिकित्सकों ने कार्तिक साव की गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. वहीं उनकी पत्नी देवंती देवी का उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.

मौत की खबर पर भड़के ग्रामीण

कार्तिक साव की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गये. उन्होंने दुर्घटना में शामिल वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीन लोगों की पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.

पुलिस ने एक घायल को अस्पताल पहुंचाया

ग्रामीणों के आक्रोश के बीच घायल लीलो कोल्ह को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. वहीं ग्रामीणों के कब्जे में फंसे दो अन्य युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस लगातार प्रयास करती रही. समाचार लिखे जाने तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच मुआवजे को लेकर वार्ता जारी थी.

मजदूरों की तलाश में जा रहे थे वाहन सवार

बताया जाता है कि बगोदर निवासी जितेंद्र महतो और देवीपुर निवासी महादेव कोल्ह मजदूरों को विभिन्न स्थानों पर काम दिलाने का कार्य करते हैं. शुक्रवार को वे अपने साथ एक अन्य व्यक्ति को लेकर गेनरो क्षेत्र में मजदूरों की तलाश में जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक कार्तिक साव गांव में गुमटी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >