Giridih News :आचार संहिता के पालन को लेकर प्रशासन सतर्क

Giridih News :नगर निगम चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है. मेयर पद से लेकर वार्ड पार्षद तक के सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पर्चे दाखिल कर दिये हैं. नामांकन के बाद अब प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुट गये हैं. शहर की गलियों, मोहल्लों और चौक-चौराहों पर जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है. प्रत्याशी समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचकर वोटरों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं.

वहीं दूसरी ओर, चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिये जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है. किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, गड़बड़ी या कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिये गिरिडीह शहर और उसके आसपास के संवेदनशील व चिह्नित स्थानों पर चेक नाका स्थापित कर दिये गये हैं. इन चेक नाकों पर पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों की भी तैनाती की गयी है, जहां आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है. बिना अनुमति पोस्टर-बैनर, नकदी, शराब, हथियार या अन्य आपत्तिजनक सामग्री की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है. चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर निगरानी के लिये चेक नाकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. साथ ही वाहनों की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि प्रत्येक गतिविधि का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके.

गिरिडीह, सरिया व धनवार में जगह-जगह लगाया गया है चेकनाका

बता दें कि नगर निगम चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला मुख्यालय सहित नगर पंचायत क्षेत्रों में प्रवेश और निकासी प्वाइंट्स पर चेक नाका लगाया गया है. गिरिडीह मुख्यालय के कुल तीन प्रमुख एंट्री व एग्जिट प्वाइंट को चिह्नित करते हुए वहां चेक नाका स्थापित किया गया है. पहला चेक नाका सिहोडीह कॉलेज मोड़ स्थित पुलिस सहायता केंद्र के समीप लगाया गया है, जहां शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है. दूसरा चेक नाका पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर में स्थापित किया गया है, वहीं तीसरा चेक नाका गिरिडीह–टुंडी रोड स्थित मोहनपुर में लगाया गया है, जहां से होकर जिले के विभिन्न हिस्सों में आवागमन होता है. इसके अलावा नगर पंचायत सरिया क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. यहां डीएवी स्कूल के पास एक चेक नाका लगाया गया है, जबकि दूसरा चेक नाका सरिया थाना के समीप स्थापित किया गया है. दोनों स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती कर लगातार वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. वहीं धनवार नगर पंचायत क्षेत्र में भी तीन स्थानों पर चेक नाका लगाया गया है. इसमें इरगा नदी के पास, खाकू गेट तथा पंचरुखी पुल के समीप चेक नाका स्थापित कर पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इन स्थानों से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री या चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके.

एक लाख से अधिक रुपये ले जाने पर होगी कार्रवाई : एसडीएम

गिरिडीह के सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विषपुते ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले में चिह्नित किये गये सभी प्रमुख स्थानों पर चेक नाका स्थापित कर दिये गये हैं, जहां आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है. एसडीएम ने बताया कि वाहन जांच के दौरान प्रतिबंधित सामग्री के साथ-साथ विशेष रूप से नकदी की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अधिकतम एक लाख रुपये तक नकद लेकर आ-जा सकता है. इससे अधिक राशि पाये जाने पर जांच के दौरान नकदी को जब्त कर लिया जाएगा. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि उक्त राशि किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील की. कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रत्याशी द्वारा नियमों का उल्लंघन किये जाने पर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष चुनाव कराना है, न कि किसी को परेशान करना. उन्होंने म नागरिकों से भी अपील की कि वाहन जांच के दौरान प्रशासन को सहयोग करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >