गिरिडीह पुलिस व सीआरपीएफ ने तिसरी के सिंगराडीह में की छापेमारी
भारी मात्रा में पावर जेल, विस्फोटक, वायर बरामद
एक की हुई गिरफ्तारी
नक्सली लिंक की भी हो रही जांच
तिसरी : गिरिडीह पुलिस व सीआरपीएफ ने उग्रवाद प्रभावित तिसरी के गुमगी टोला सिंगराडीह में छापेमारी कर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है. साथ ही सिंगराडीह (गुमगी) निवासी लाछो यादव के पुत्र सुरेश यादव को गिरफ्तार किया है. एसपी अखिलेश बी वारियर को सूचना मिली थी कि सुरेश यादव के घर में भारी मात्रा में विस्फोटक रखा हुआ है. सूचना पर एसडीपीओ खोरीमहुआ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. टीम में सीआरपीएफ के सेकेंड कमांडेंट रवि कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया और गुरुवार को छापेमारी कर विस्फोटक बरामद किया गया.
माइका की अवैध खदानों तक पहुंचाता था विस्फोटक : तिसरी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि विस्फोटक के साथ पकड़ाये सुरेश यादव पिछले छह वर्षों से विस्फोटक को मंगाने व इसे खपाने का काम कर रहा था. सुरेश यादव के पास विस्फोटकों को डोमचांच (कोडरमा) का इंदर मेहता पहुंचाता था. सुरेश इन विस्फोटकों को माइका की अवैध उत्खनन करनेवालों को पहुंचाता था.
अभी तक जांच में यह बात सामने आयी है कि सुरेश गुमगी के प्रदीप गुप्ता, भुराई के मंसूर मियां और खिरोद के लखन यादव को विस्फोटक सप्लाई करता था. श्री बरवार ने कहा कि सुरेश के माओवादियों से लिंक की भी जांच की जा रही है.
पूर्व में पारा शिक्षक रह चुका है सुरेश : एसडीपीओ ने बताया कि सुरेश यादव पूर्व में पारा शिक्षक रह चुका है. सुरेश के शैक्षणिक कागजातों की जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद उसे पारा शिक्षक से हटा दिया गया था. इसके बाद से सुरेश विस्फोटक की सप्लाई में जुट गया.
