बंद के दौरान नक्सलियों ने मचाया उत्पात. धावाटांड़ में फूंका बोलेरो, बिरनी में पोकलेन में लगायी आग
करमाबाद के पास ट्रैकमैन ने धमाका सुन अधिकारियों को दी सूचना
गिरिडीह एसपी समेत वरीय अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
डुमरी/बिरनी : रविवार की रात 12 बजे बंद शुरू होने के कुछ घटे बाद ही नक्सलियों ने मधुबन थाना क्षेत्र के धावाटांड़ में डुमरी-गिरिडीह पथ पर एक बोलेरो में आग लगा दी़ इस दौरान नारेबाजी के बाद घटनास्थल व धावाटांड़ चौक पर बैनर भी टांग दिया था़ इस घटना के बाद इस पथ पर आवागमन ठप हो गया़ घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अखिलेश बी बरियार सीआरपीएफ व पुलिस जवानों के साथ सोमवार की अलसुबह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया़ बाद में पुलिस जले वाहन को मधुबन थाना ले गयी और फिर सड़क में आवागमन शुरू हुआ़
कंस्ट्रक्शन कंपनी पर बोला धावा : इधर बिरनी थाना इलाके के गरागुरो में नक्सलियों ने पुल बना रही ममता कंस्ट्रक्शन कंपनी पर धावा बोला. यहां पर पुल निर्माण में लगाये गये एक पोकलेन व एक डीजल पंप मशीन में आग लगा दी गयी. मुंशी रामाधार पांडेय व संजय दास ने बताया कि रविवार रात लगभग 11 बजे खाना खाकर सभी मजदूर व कर्मी सो गये थे. कुछ देर बाद पुल के नीचे नदी में सो रहे मजदूरों की आवाज सुनायी दी.
जब वे उठे तो चारों ओर नक्सली खड़े थे. बताया कि लगभग 60 की संख्या में आये थे. उनकी पिटाई भी की. पिटाई के बाद नक्सलियों ने पोकलेन व डीजल पंप में तरल पदार्थ छिड़क कर आग लगा दी गयी. आग लगाने के बाद नक्सली चलते बने. बताया कि नक्सलियों का दस्ता लगभग आधा घंटा तक निर्माण स्थल पर रुका रहा. हालांकि इस दौरान किसी भी मजदूर के साथ मारपीट नहीं की गयी.
