साइबर क्राइम : पांच मोबाइल, 14 सिम बरामद
गिरिडीह/गांडेय : अहिल्यापुर पुलिस ने साइबर क्राइम के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें चामलिट्टी के सुंदर मंडल, चुरामन मंडल, अनिल मंडल व गोनिक मंडल शामिल हैं. उनके पास से एक स्कॉर्पियो (जेएच11क्यू-4099) व ग्लैमर बाइक (जेएच11एस-7900), पैशन प्रो बाइक (जेएच10एजी-2159), होंडा होरनेट बाइक समेत सोनी की एक एलइडी टीवी, चार छोटा मोबाइल व एक स्मार्ट फोन तथा 14 फर्जी सीम बरामद किया गया है. यह जानकारी शनिवार की शाम को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मनीष टोप्पो ने दी.
बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली कि कुछ लोग अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चामलिट्टी गांव स्थित एक घर के पीछे बाउंड्री में बैठे हुए हैं और साइबर अपराध कर रहे हैं. इसी सूचना पर एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी. टीम में सअनि सुनील टोप्नो, हवलदार नवीन चौधरी, आरक्षी सौरभ कुमार सिंह, मुकेश कुमार सिंह, रघुनाथ महतो, अभिषेक कुमार सिंह, पंकज उरांव व विनोद राम को शामिल किया गया.
टीम ने छापेमारी की तो बाउंड्री के अंदर बैठे लोग भागने लगे. भागने के क्रम में सुंदर, चुरामन, अनिल व गोनिक को पकड़ा गया. इन लोगों के पास से जो मोबाइल मिला उसमें साइबर अपराध से जुड़े कई मैसेज मिले हैं. चारों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. एसडीपीओ श्री टोप्पो ने कहा कि इन चारों की निशानदेही पर एक स्काॅर्पियो, तीन बाइक व एक एलइडी टीवी बरामद किया गया. इधर, चारों को जेल भेज दिया गया है.
