बढ़ी चिंता. अनाथ हुए बच्चे तो दूसरे परिवार पर जीविकोपार्जन का संकट
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काला पहाड़ के समीप हुए सड़क हादसे में तीन लोग असमय काल-कवलित हो गये. दो बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया गिरिडीह : मुफस्सिलथाना क्षेत्र के काला पहाड़ के समीप बुधवार की सुबह हुए सड़क हादसे में दो परिवार बिखर गये. एक परिवार के दो बच्चों के सिर से उसके माता-पिता का साया उठ गया, वहीं एक परिवार का आजीविका का स्रोत सदा के लिए समाप्त हो गया. दोनों परिवारों के लोग गहरे सदमे में हैं. आज जब बच्चे व नजदीकी लोग बिलख पड़े तो सदर अस्पताल में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे. दोनों परिवारों की अार्थिक स्थिति काफी खराब है.
मृत मो. महफूज पटना में मजदूरी कर अपनी पत्नी व दो बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था. गोपाल राय बराकर नदी के किनारे स्थित जैन श्वेतांबर सोसाइटी में अस्थायी माली था. उसकी ही कमाई से घर चल रहा था.
नहीं पूरी हो सकी मां से मिलने की आस : मो. महफूज (40) की मां जोगीटांड़ के समीप रहती है. महफूज पीरटांड़ के करमाटांड़ में अपनी पत्नी बॉबी, आठ वर्षीय पुत्र मासूम व पांच वर्षीया पुत्री छोटी के साथ रहता था. मृतक के चाचा मो. मजहर ने बताया कि करमाटांड़ में उसकी बेटी, जो महफूज की चचेरी बहन है, उसकी शादी थी. शादी के बाद बुधवार को वह दोनों बच्चों व पत्नी के साथ एक ही स्कूटर पर सवार होकर अपनी मां से मिलने जोगीटांड़ जा रहा था. इस बीच घटना घटी.
चढ़ाई पर बिगड़ा साइकिल का संतुलन : ऑटो-स्कूटर में टक्कर की मुख्य वजह कोयला लदी साइकिल बनी. घटनास्थल के समीप बदडीहा की ओर से कोयला लदी एक साइकिल आ रही थी.
यहां ढलान के ठीक बाद चढ़ाई है. चढ़ाई पर कोयला लदी साइकिल को पीछे से एक बाइक चालक धक्का दे रहा था. इसी क्रम में पीछे से ऑटो और सामने से स्कूटर आ गये. ऑटो चालक साइकिल से आगे निकलने का प्रयास कर ही रहा था कि साइकिल ऑटो से जा टकराया. इससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया. संतुलन बिगड़ते ही ऑटो व स्कूटर में जबरदस्त भिड़ंत हो गयी. साइकिल सड़क से नीचे खेत में जा गिरी. घटना में साइकिल सवार को भी चोट लगी है. हालांकि वह मौके से भाग निकला.
एसडीओ के वाहन को रोका : सड़क दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-डुमरी पथ जाम कर दिया. इसी बीच एसडीओ डुमरी का वाहन वहां पहुंचा. लोगों ने एसडीओ के वाहन को रोक दिया.
बाद में एसडीओ के चालक ने वाहन को पीछे कर लिया और वापस डुमरी की ओर चल पड़ा. मौके पर पहुंचे भाकपा माले के नेता राजेश यादव ने कहा कि आश्रितों को पांच-पांच लाख का मुआवजा मिलना चाहिए. शहनवाज खान का कहना था कि पुलिस ऑटो चालक, चारपहिया चालक के कागजात व ड्राइविंग लाइसेंस की जांच समय-समय पर करे. संजय साहू व मुखिया मुन्नालाल ने कहा कि प्रशासन को दुर्घटना के संभावित इलाकों की पहचान कर वहां दुर्घटना रोकने की व्यवस्था करनी चाहिए.
दो दिन में गयी सात जानें : दो दिन के अंदर जिले में हुई भीषण सड़क दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत हो चुकी है.
मंगलवार को बेंगाबाद के छोटकी खरगडीहा में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी थी. बुधवार को भी तीन लोगों की मौत हो गयी. लगातार हो रहे सड़क हादसे से लोग सहमे हुए हैं.
