झारखंड कॉलेज डुमरी का मामला
डुमरी : झारखंड कॉलेज डुमरी के एक छात्र ने कॉलेज के प्राचार्य पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. भरखर निवासी छात्र दशरथ महतो का कहना है कि उसने इसकी शिकायत डुमरी थाना में की है. शिकायत में कहा है कि उसका बीएससी पार्ट टू का रिजल्ट लंबित रह गया था. लंबित रिजल्ट को सुधरवाने के नाम पर दो माह पूर्व कॉलेज के प्राचार्य धनेश्वर महतो और डेमोंस्ट्रेटर चन्द्रशेखर ने पांच हजार रुपये लिये और कहा कि पेंडिग रिजल्ट सुधरवा कर बीएससी पार्ट थर्ड का फाॅर्म भरवा दिया जायेगा. रुपये लेने के बाद भी उनका लंबित रिजल्ट नहीं सुधारा गया जिस कारण में पार्ट थर्ड का फाॅर्म नहीं भर पाया.
सोमवार को वह और उनके एक स्थानीय अभिभावक चन्द्रेश्वर महतो जब इस संबंध में बात करने कॉलेज पहुंचे तो कॉलेज प्राचार्य ने दोनों के साथ अभद्र व्यवहार किया और बुरा परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए कॉलेज परिसर से बाहर कर दिया. वहीं डुमरी थाना प्रभारी श्यामचन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार का कोई आवेदन नहीं मिला है.
