हजारीबाग रोड. झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान में केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय उद्योगपति घरानों को झारखंड की जमीन देने में तुली हुई है. केंद्र में बैठी सरकार गौ हत्या व तीन तलाक के नाम पर राजनीति कर रही है. भाजपा के प्रति लोगों का मोहभंग हुआ है़ जनता समय आने पर जवाब देगी. यह बातें उन्होंने सरिया में रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान कही.
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां पूरे देश स्तर पर बिहार में शराबबंदी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है़, वहीं रघुवर सरकार शराब खुद बेचने की तैयारी कर रही है़ सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन, गैर मजरूवा जमीन की बंदोबस्ती को रद्द करने, मोमेंटम झारखंड कार्यक्रम के बहाने करोड़ों रुपये की संपत्ति गबन करने व झारखंडियों को सड़क पर लाने का काम किया जा रहा है़ रघुवर सरकार रिमोट पर चल रही है़ लोकप्रियता में कमी आने के कारण ही लोहरदगा के लिट्टिपाड़ा चुनाव में भाजपा को हार का मुंह देखने पड़ा है. भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव का समय आता है, तो भाजपा की सुनियोजित चाल होती है़ हालांकि इससे कोई लाभ नहीं होने वाला है़ मौके पर उनके साथ जेवीएम नेत्री रजनी कोर भी शामिल थी़
बिरनी. झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी रविवार को बिरनी के झाविमो युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष सुभाष दास के घर बंगराकला के नावाडीह पहुंचे. उन्होंने बीते दिनों उनके भाई के निधन पर शोक जताते हुए परिजनों को ढाढ़स बंधाया, साथ ही मदद का भरोसा दिया. वहां से श्री मरांडी डबरी गांव गये और पूर्व सांसद प्रतिनिधि रज्जाक अंसारी की पत्नी की मौत पर उनसे मुलाकात कर दुःख प्रकट किया. मौके पर बिरनी प्रखंड अध्यक्ष राजदेव साव, सुभाष वर्मा, राजेंद्र राम, नारायण यादव, पूर्व मुखिया प्रकाश सिन्हा, जगदीश मोदी, किशुन राम, सरजू पासवान, अनिल पासवान, सुभाष दास, राम सहाय सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
