चाल धंसने से भाई-बहन व किशोरी की मौत

गावां स्थित बेलाखुंटा गांव के पास पहाड़ी में बंद ढिबरा खदान की घटना ढिबरा चुनने गये थे ग्रामीण, मृतकों में दो किशोरी और एक युवक गावां : गावां की निमाडीह पंचायत स्थित बेलाखुंटा गांव के पास पहाड़ी में बंद ढिबरा खदान की चाल धंसने से भाई-बहन तथा एक किशोरी की मौत हो गयी. मृतकों की […]

गावां स्थित बेलाखुंटा गांव के पास पहाड़ी में बंद ढिबरा खदान की घटना
ढिबरा चुनने गये थे ग्रामीण, मृतकों में दो किशोरी और एक युवक
गावां : गावां की निमाडीह पंचायत स्थित बेलाखुंटा गांव के पास पहाड़ी में बंद ढिबरा खदान की चाल धंसने से भाई-बहन तथा एक किशोरी की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान नीमाडीह पंचायत के जब्दी निवासी कामेश्वर चौधरी के पुत्र शंकर चौधरी (25) तथा पुत्री कौशल्या कुमारी (16) व गांव की ही सबिता कुमारी (15,पिता खुसरू चौधरी) के रूप में की गयी है.
रविवार की दोपहर एक बजे बंद पड़ी खदान में लगभग आठ से दस की संख्या में ग्रामीण ढिबरा चुनने गये थे. दोपहर करीब दो बजे खदान का ऊपरी हिस्सा भरभरा कर गिर गया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भाग कर जान बचायी, जबकि एक युवक और दो किशोरियां दब गये. सूचना पाकर काफी संख्या में बिशनीटीकर, जब्दी, बेलाखुटा, चरकी आदि जगहों से ग्रामीण जुट गये.
काफी मशक्कत के बाद के खुदाई कर बारी-बारी से तीनों शवों को बाहर निकाला गया. सूचना पर पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार एवं थानेदार रामकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और छानबीन की. ग्रामीणों ने बताया कि यह खदान वर्षों से बंद थी. कभी-कभार लोग माइंस के अंदर ढिबरा चुनने जाया करते थे.
बंद पड़ी खदानों में ढिबरा चुनते हैं ग्रामीण
नीमाडीह व आसपास के गांवों में कई खदानें बंद पड़ी हैं. ग्रामीण अक्सर वहां ढिबरा चुनने के लिए जाते हैं. कौशल्या अपने पिता कामेश्वर चौधरी के साथ खदान में ढिबरा चुन रही थी. इस घटना में कौशल्या के साथ उसके भाई शंकर की भी मौत हो गयी. बताया जाता है कि कौशल्या की शादी होनेवाली थी.
घटना के लिए राज्य सरकार जिम्मेवार : विधायक
चित्र परिचय : 23 विधायक राजकुमार यादव
धनवार विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि घटना दुखद है. इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेवार है. सरकार द्वारा खनन नीति नहीं बनाने के कारण खदानों को लीज पर नहीं दिया जा रहा है. यही कारण है कि क्षेत्र में गरीब लोग अपनी जीविका के लिए मौत को गले लगाते हैं. मामले को विधानसभा में भी उठाया गया,लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है. सरकार को शीघ्र इसपर विचार कर मृतकों के परिजनों को मुआवजा देना चाहिए.
दोषी पर होगी कार्रवाई
तीनों शवों को बरामद कर लिया गया है. सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए शवों को सदर अस्पताल गिरिडीह भेजा जाएगा. जांच कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
आरके वर्मा, थाना प्रभारी गावां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >