पहल. छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की गिरिडीह पुलिस ने शुरू की मुहिम, बोले डीएसपी
महिला सशक्तीकरण का एक छोर शिक्षा से जुड़ता है तो दूसरा छोर जीविका से, लेकिन आत्मरक्षा में समर्थ बने बिना यह यात्रा पूरी नहीं होती. शुक्रवार को स्थानीय आरके महिला कॉलेज की छात्राओं को कराटे का प्रशिक्षण देकर गिरिडीह पुलिस ने इसी दिशा में सार्थक पहल की. छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की गिरिडीह पुलिस की मुहिम का यह एक हिस्सा है.
गिरिडीह : छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गिरिडीह पुलिस ने एक विशेष मुहिम चला रखी है. इसके तहत जिला भर के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसी कड़ी में शुक्रवार को आरके महिला कॉलेज की छात्राओं को कराटे का प्रशिक्षण देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के उपाय बताये गये.
महिला सशक्तीकरण को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएसपी विजय आशिष कुजूर ने बताया कि अगर कुछ लड़के सोचते हैं कि वे जो कर सकते हैं उसे लड़की नहीं कर सकती, तो यह बिल्कुल गलत है. आज के समय में महिलाएं व छात्राएं आत्मनिर्भर बन रही हैं. महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने में पुलिस प्रशासन भी उनका सहयोग कर रहा है.
कहा कि अगर छात्राएं कराटे का प्रशिक्षण प्राप्त कर लेती हैं तो वह खुद के साथ दूसरों की भी सुरक्षा कर सकती है. उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के कई गुर सिखाये. कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति आपके साथ गलत व्यवहार या फिर छेड़खानी करने का प्रयास करता है तो पहले आप पुलिस को सूचना दें. फिर अपने आप को इस काबिल बना लें कि उस व्यक्ति को आप खुद सबक सिखा सकें. कहा कि अगर आप के आसपास भी कोई किसी के साथ छेड़खानी करता नजर आये तो पीड़ित की मदद करना भी आपका दायित्व है.
बताया कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कॉलेज जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाये जायेंगे. मौके पर कराटे शिक्षक दिपक श्रीवास्तव, प्राचार्य डॉ अशोक, डॉ आरती वर्मा, जिप सदस्य प्रमिला मेहरा के अलावे काफी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं.
