मुफस्सिल थाना इलाके की गादी श्रीरामपुर पंचायत की घटना
कक्षा सात में पढ़ता था सुरेंद्र
माता-पिता करते हैं मजदूरी
गिरिडीह : मुफस्सिल थाना इलाके की गादी श्रीरामपुर पंचायत स्थित पुजहारी टोला निवासी 15 वर्षीय सुरेंद्र दास ने मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी. उसका शव पुलिस ने जब्त कर लिया है . मृतक के चचेरे भाई मनोज दास ने बताया कि मृतक सुरेंद्र श्रीरामपुर के विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था. मंगलवार को घर के सभी सदस्य मजदूरी करने गये थे. दोपहर तीन बजे उसे सूचना मिली की सुरेंद्र ने आम बगीचा में एक पेड़ पर फांसी लगा ली है.
फांसी के बाद उसका शव रस्सी से टूटकर जमीन पर आ गिरा. कहा कि उसके भाई ने आत्महत्या क्यों की है, इसकी जानकारी उसे नहीं है. बताया कि सुरेंद्र के पिता प्रेमचंद दास भी मजदूरी करते हैं. इधर जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने अनि आरबी पासवान को भेजा और शव को जब्त कर थाना लाया गया. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले से खुलासा होगा.
